Veer Bal Diwas in Kanpur : राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा बोले; बांग्लादेश अपनी अंतिम सीमा पार कर रहा

प्रेसवार्ता को संबोधित करते पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर 



बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश अपनी अंतिम सीमा पार कर रहा है। यह भारत है, जहां श्रीकृष्ण ने 99 गालियां सहने के बाद सुदर्शन चक्र उठाया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर हो चुका है, बांग्लादेश यह न समझे कि हिंदुओं को मारकर भारत को चुनौती दी जा सकती है। स्पष्ट किया कि भारत हिंदुओं के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है और राजनयिक स्तर पर बातचीत कर रहा है। ये बातें पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कानपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं।


ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर दिनेश शर्मा ने कहा कि बीजेपी (BJP) में न कोई जाति, न धर्म और न ही क्षेत्र है। उन्होंने बगल में बैठे विधायक महेश त्रिवेदी और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल का उदाहरण देते हुए कहा कि न त्रिवेदी, न पाल दोनों “जी” हैं। मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर कहा कि जो लोग पहले विरोध कर रहे थे, वही अब स्टॉल लगाकर फॉर्म भरवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) प्रक्रिया कांग्रेस के समय में भी हुई थी। इस बार सरकार अधिक पारदर्शिता के साथ अभियान चला रही है, इसलिए विपक्ष को तकलीफ हो रही है। 


शुक्रवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री गोविंदनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भाजपा दक्षिण जिला इकाई द्वारा वीर बाल दिवस शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों ने धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, लेकिन मुगलों के सामने घुटने नहीं टेके। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान बच्चों, राष्ट्र, धर्म और गुरु सम्मान के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा देता है। 


सन 2014 से पूर्व भी बाल दिवस मनाया जाता था, परंतु तब बच्चों के लिए कुछ नहीं होता था। तब बच्चों को नहीं चाचा को याद किया जाता था, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार में अब देश भर में वीर बाल दिवस के मौके पर सिख धर्म के चौथे गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह बहादुर सिंह के अदम्य साहस, त्याग, शौर्य, देश प्रेम और बलिदान को याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय दिवस घोषित कर साहिबजादों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। यह दिन याद दिलाता है किशोरों की पराकाष्ठा के सामने कम आयु मायने नहीं रखती।


पूर्व डिप्टी सीएम ने चार साहिबजादों के व्यक्तित्व, कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में 22 दिसंबर 1705 से लेकर उनके छोटे साहिबजादों की शहादत, जीवन परिचय, साहस, शौर्य पराक्रम को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। उन्होंने प्रमुख सेवादारों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के उपरांत गर्म दूध और अटूट लंगर का भी आयोजन किया गया।


इस अवसर पर प्रमुख रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, रघुनंदन भदौरिया, जसविंदर सिंह, सरदार नीतू सिंह, विजेंद्र मक्कड़, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, प्रेम अरोड़ा, डॉ दिवाकर मिश्रा, कमलजीत बग्गा, दीपू पासवान आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments