Saharanpur Encounter : सहारनपुर में एसटीएफ से मुठभेड़ में सुल्तानपुर का हिस्ट्रीशीटर ढ़ेर

अधिवक्ता हत्याकांड में चल रहा था आरोपी सिराज फरार, एक लाख रुपये का था इनामी 


एसटीएफ से मुठभेड़ में ढ़ेर हिस्ट्रीशीटर सिराज।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, सहारनपुर 



सुल्तानपुर जिले के हिस्ट्रीशीटर और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सिराज को सहारनपुर में एसटीएफ ने एनकाउंटर (Encounter) यानी मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। सिराज सुल्तानपुर के अधिवक्ता हत्याकांड में फरार चल रहा था। सिराज पर 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हिस्ट्रीशीटर के पास से पिस्टल, बाइक, वाई-फाई डोंगल, भारी मात्रा में कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।




एसटीएफ मुख्यालय की टीम को सूचना मिली कि सुल्तानपुर जिले में अधिवक्ता की हत्या में वांछित तथा एक लाख रुपये का इनामी अपराधी सिराज अहमद पुत्र मंसूर अहमद निवासी लोले पुर थाना कोतवाली नगर सुल्तानपुर किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से पंजाब हरियाणा के बार्डर से आकर सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र में मौजूद है। मुखबिर की सूचना पर STF ने गंगोह क्षेत्र में घेराबंदी कर ली। इस दौरान सिराज ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे गोली लगने से सिराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया है।




इन सामानों की हुई बरामदगी 




मोटर साइकिल गाड़ी, पिस्टल 30 बोर, पिस्टल 32 बोर, भारी मात्रा में कारतूस, खोखा, चार मोबाइल फ़ोन, 2 वाई फाई डोंगल, छोटा बैग, आधार आदि कुछ कागजात बरामद हुए हैं।




रासुका समेत 30 से अधिक मुकदमे 




हिस्ट्रीशीटर सिराज के खिलाफ 30 से मुकदमे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में हत्या, हत्या के प्रयास, रासुका जैसे गंभीर धाराओं में पंजीकृत हैं।

Post a Comment

0 Comments