Minister of UP : जब बीवी ने उतारी मंत्रीजी की हेकड़ी

राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ बोले; घरवाली ने लाठी मारी, तभी छूटी शराब

कार्यक्रम में राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ।


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, ललितपुर

ललितपुर के महरौनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक व श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी अपने सरल स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। आए दिन राज्यमंत्री अपने हास्यास्पद बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। पिछले दिनों एक शादी समारोह में डांस करके चर्चा में आ गए थे। अब राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें मंत्री जी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि शराब पीकर घर पहुंच गया तो पत्नी ने लाठी से मारा। इस बयान के बाद मंत्री जी मड़ावरा विकास खंड के ग्राम पंचायत हंसेरा में आयोजित कार्यक्रम में आए थे। 

यह है पूरा मामला 

दरअसल, श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ एक गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान महिलाओं से कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर आपके पति दारू पीकर आते हैं तो एक सटकिया (लकड़ी) खींचकर पीछे मारो, घर के बाहर खटिया डाल दो शराब छूट जाएगी। उन्होंने कहा कि एक बार दारू पीकर मैं भी घर आया था तो मेरी घरवाली ने मुझे भी लाठी मारी थी, तब से मैंने शराब पीना छोड़ दिया।

मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी को प्रमाण पत्र बांटने पहुंचे थे 

मंत्री जी के इस बयान के बाद मड़ावरा विकास खंड के ग्राम पंचायत हंसेरा में आयोजित कार्यक्रम में आईं महिलाएं ठहाके लगाकर हंसने लगीं। मंत्री जी मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को उनके प्रमाण पत्र बांटने पहुंचे थे। इसी दौरान मंत्री जी ने मंच से सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

पहली बार वर्ष 2017 में चुनाव लड़े 

बता दें कि कि श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी बुंदेलखंड की दलित राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। मन्नू कोरी पहली बार वर्ष 2017 में बीजेपी (BJP) के टिकट से चुनाव लड़े और जीत गए। उन्हें योगी सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया था। वर्ष 2022 के चुनाव में वह दूसरी बार ललितपुर के महरौनी क्षेत्र से विधायक बने। मन्नू कोरी ने 10वीं तक ही पढ़ाई की है।


शुरू से बीजेपी के साथ रहे 


वर्ष 1995 में वह पहली जिला पंचायत में शामिल हुए। शुरू से ही बीजेपी के साथ होने के नाते मन्नू कोरी जिला पंचायत से लेकर विधानसभा तक कई बार चुनाव हारे, लेकिन वर्ष 2012 में वह बसपा के फेरनलाल अहिरवार से महज़ 1700 वोटों से हार गए थे। वर्ष 2017 में बीजेपी ने उन्हें फिर टिकट दिया और वह 99,000 से ज़्यादा वोटों से जीते, जिससे उनकी सियासी पकड़ और साख मज़बूत होती गई। उनके बेटे चंद्रशेखर भी राजनीति में सक्रिय हैं।


डांस का वीडियो वायरल हो गया था


इससे पहले मंत्री जी का दे दे प्यार दे....गाने पर डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। एक शादी समारोह के दौरान मंत्री जी डीजी की धुन पर ठुमके लगाने लगे थे, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

Post a Comment

0 Comments