एसआईआर में शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं को ढूंढेंगे भाजपाई, मिले निर्देश
![]() |
| समीक्षा बैठक में निर्देश देते क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल। |
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर
भाजपा मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बहाने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी एसआईआर (SIR) के बहाने आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों को पटखनी देने के लिए अपने बूथों के रणांगन को मजबूत बनाने में जुटी है। पार्टी की बूथ पर रहने वाले प्रत्येक मतदाता पर निगाह है। कौन भाजपा समर्थित परिवार है और कौन विपक्षी दलों के सार्थक हैं, सबका लेखा जोखा भाजपा कार्यकर्ताओं को तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बुधवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ एसआईआर संबंधी समीक्षा बैठक की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि बूथ पर भाजपा समर्थक और विपक्षी दलों के समर्थक कितने हैं, इसका आकलन कर सूची तैयार करें। घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और घुसपैठियों को चिन्हित करें। बूथ पर भाजपा समर्थक कितने मतदाता नए आए और कितने बूथों से बाहर चले गए इसका डेटा तैयार करें। विपक्षी दलों के समर्थक लोगों से संपर्क कर उन्हें भी भाजपा से जोड़ने का प्रयास करें। जो महिलाएं विवाह के बाद यहां आकर अपने पति के निवास वाले बूथ पर निवास कर रही हैं उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराएं। जिन मतदाताओं का मायका और ससुराल एक ही विधानसभा में है उनके निवास परिवर्तन के लिए फार्म 8 ए भरवाएं।
प्रत्येक बूथ पर एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के फार्म 6 भरवा कर जमा कराएं। सभी बीएलए टू एएसडी (मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित वोटर) सूची का वर्ष 2025 की मतदाता सूची से मिलाकर जिन लोगों ने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, उनका फॉर्म 26 दिसंबर से पूर्व बीएलओ के पास जमा कराएंगे। बूथ पर निवास करने वाले 80 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता एवं 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करें।
समीक्षा बैठक में प्रमुख रूप से राम बहादुर, रघुनंदन भदौरिया, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, पंकज द्विवेदी, अर्जुन बेरिया, अरविंद वर्मा, विनोद मिश्रा , बिट्टू परिहार, दीपांकर मिश्रा, विनीत दुबे, दीपू पासवान, सुमित तिवारी, सनी जायसवाल, आलोक वर्मा, संजय तिवारी, लक्ष्मी निषाद आदि मौजूद रहे।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know