रेल मंत्री (Rail Minister) अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे वर्ष 2030 तक 48 प्रमुख शहरों में ट्रेनों की क्षमता दोगुणा करने की योजना पर कार्य कर रहा है। इसलिए प्रमुख शहरों में कोचिंग टर्मिनलों का विस्तार यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने, भीड़भाड़ कम करने और राष्ट्रव्यापी संपर्क सुविधा में सुधार लाने को किया जा रहा प्रयास।
![]() |
| बनारस स्टेशन पर चल रहा कार्य। |
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, वाराणसी
व्यस्त स्टेशनों पर रेलवे यातायात को सुचारू बनाने के लिए क्षमता वृद्धि के लाभों को तत्काल प्राप्त करने के लिए अल्पकालिक और मध्यम अवधि के उपायों की आवश्यकता है। यात्रियों की मांग में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अगले 5 वर्षों में प्रमुख शहरों से नई ट्रेनों के संचालन की क्षमता को वर्तमान स्तर से दोगुणा करने की आवश्यकता है। मौजूदा बुनियादी ढांचे को पांच वर्षों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विस्तारित करना होगा। वर्ष 2030 तक संचालन क्षमता को दोगुणा करने के लिए जिन 48 शहरों की सूची भारतीय रेल द्वारा जारी की गई हैं। उसमें वाराणसी शहर का भी है। शहर में पूर्वोत्तर रेलवे के 02 प्रमुख स्टेशन बनारस एवं वाराणसी सिटी यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
![]() |
| बनारस स्टेशन। |
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस स्टेशन पर क्षमता विस्तार के क्षेत्र में हाल में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। बनारस स्टेशन पर 08 प्लेटफार्म, 04 वॉशिंग पिट, 04 स्टेबलिंग लाइन सहित कुल 10 रनिंग लाइनों के द्वारा 104 सवारी गाड़ियों 14 माल गाड़ियों का संचालन प्रतिदिन हो रहा है। बनारस स्टेशन पर प्रतिदिन 52 गाड़ियां ओरिजिनेट/टर्मिनेट होती हैं। बनारस रेलवे स्टेशन पर छमता विस्तार के लिए 01 स्टेबलिंग लाइन का कार्य स्वीकृत है, जिसके पूरा होने पर और अधिक गाड़ियों का संचालन हो सकेगा। साथ ही बनारस स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कराए गए विभिन्न कार्यों के परिणामस्वरूप यात्री प्रबंधन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी सिटी स्टेशन पर क्षमता विस्तार के लिए कई कार्य कराए गए हैं। वर्तमान में वाराणसी सिटी स्टेशन पर 05 प्लेटफार्म, 01 वाशिंग पिट, 01 स्टेबलिंग लाइन सहित कुल 09 रनिंग लाइन हैं। वाराणसी सिटी स्टेशन से कुल 108 सवारी गाड़ियों के साथ साथ 14 माल गाड़ियों का संचलन प्रतिदिन हो रहा है। वाराणसी सिटी स्टेशन पर प्रतिदिन 28 गाड़ियां ओरिजिनेट/टर्मिनेट होती हैं। वाराणसी सिटी स्टेशन पर क्षमता विस्तार के लिए 02 रनिंग लाइन, 01 आइलैंड प्लेटफॉर्म 02 स्टेबलिंग लाइन सहित 01 डॉक लाइन का कार्ये स्वीकृत है। क्षमता विस्तार के क्षेत्र में स्वीकृत इन कार्यों के पूर्ण हो जाने पर यहाँ से और अधिक गाड़ियों का संचालन संभव होगा। इसके साथ ही वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कराए गए विभिन्न कार्यों के परिणामस्वरूप यात्री प्रबंधन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है।
वाराणसी शहर से कनेक्ट हो रहे बनारस-प्रयागराज, वाराणसी सिटी-मऊ, वाराणसी सिटी-औड़िहार-जौनपुर, वाराणसी सिटी-औड़िहार-मऊ-आज़मगढ़-शाहगंज, वाराणसी सिटी-औड़िहार-मऊ-इंदारा-फेफना, वाराणसी सिटी-गाज़ीपुर-बलिया-बकुलहा रेल खंडों का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो गया है। साथ ही बकुलहा-मांझी एवं बेल्थरा रोड -पिविकोल खण्ड के दोहरीकरण का कार्य अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने के बाद क्षमता विस्तार में बढ़ोतरी हो जाएगी।


0 Comments
if you have any doubt,pl let me know