Congress foundation Day in Lucknow: कांग्रेस के स्थापना के 140 साल: 'आर्ट गैलरी' के जरिये दिखाया गौरवशाली इतिहास

शपथ दिलाते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने गौरवशाली इतिहास के 140 वर्ष पूर्ण करने के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) मुख्यालय में कांग्रेस कमेटी के महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में स्थापना दिवस मनाया। देश की एकता अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।
श्रद्धासुमन और ध्वजारोहण से शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रांगण में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू, भारत रत्न इंदिरा गांधी और आधुनिक भारत के निर्माता राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से किया गया। फिर अजय राय ने पार्टी का झंडा फहराया। कार्यकर्ताओं को सेवा एवं त्याग की शपथ दिलाई।
'आर्ट पिक्चर गैलरी' बनी आकर्षण का केंद्र
प्रदेश कार्यालय में आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी लगाई गई। इस गैलरी के माध्यम से आजादी के पहले और बाद के कांग्रेस अधिवेशनों, उनके ऐतिहासिक निर्णयों और महापुरुषों के बलिदान को चित्रों के जरिये दर्शाया गया।
बड़ा निर्णय: प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी और उनकी टीम द्वारा तैयार इस गैलरी को 'मास्टरपीस' करार दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी प्रदर्शनी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में ले जाएं ताकि जन-जन तक विचारधारा पहुंच सके।
कांग्रेस राजनीतिक दल नहीं, देश की आत्मा है : अविनाश 
प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस केवल एक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। इसी पार्टी ने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी है। हमारा इतिहास त्याग और जनसेवा का है, जबकि वर्तमान में कुछ शक्तियां संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।"
मिशन 2027: यूपी से उठेगी बदलाव की लहर
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी विधानसभा चुनावों का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश का कार्यकर्ता अब निस्वार्थ भाव से उठ खड़ा हुआ है। आने वाला 2027 का साल कांग्रेस का होगा। हम पूरे प्रदेश में रैलियों के जरिए जनता के बीच जाएंगे।" वहीं राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि देश की विविधता को संविधान ने जोड़ा है, जिसे बचाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
बुद्धिजीवियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में प्रमुख शिक्षाविद और लेखक डॉ. अशोक पाण्डेय (लेखक: कश्मीर नामा) ने कहा कि कांग्रेस का मूल सिद्धांत अहिंसा और एकजुटता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 'कांग्रेस मुक्त भारत' के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि यह डर की निशानी है। दलित चिंतक एच.एल. दुसाध ने भी वर्तमान सरकार में बढ़ती आर्थिक असमानता पर चिंता व्यक्त की और कांग्रेस के संघर्ष को प्रासंगिक बताया है।

Post a Comment

0 Comments