CBI : लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार के घर से निकला नोटों का पहाड़

कर्नल के घर से 2.26 करोड़ रुपये जब्त किए, रिमांड लेकर सीबीआई कर रही पूछताछ




प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, नई दिल्ली



केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) यानी सीबीआई ने घूसखोरी के आरोप में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और उनके एक निजी व्यक्ति विनोद कुमार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब चौंकाने वाली खबरें सामने आ रही हैं। तलाशी में कर्नल के घर से 2.26 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं। इसमें घूस के रूप में ली गई तीन लाख रुपये की राशि भी शामिल है। आरोप है कि कर्नल ने रक्षा उत्पाद और निर्यात से जुड़ी दुबई की कंपनी को मदद करने के लिए तीन लाख रुपये घूस ली थी।



सीबीआई (CBI) को गुप्त स्रोतों से इसकी जानकारी मिली थी कि कर्नल दीपक कुमार शर्मा रक्षा उत्पाद से जुड़ी कंपनियों को मदद करने के लिए घूस लेते हैं।



इस सूचना की प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की। इसमें कर्नल दीपक शर्मा (उप योजना अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं निर्यात, रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा मंत्रालय) और उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली (कमांडिंग ऑफिसर, 16 इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट, श्रीगंगानगर, राजस्थान) सहित अन्य लोगों को अभियुक्त बनाया गया है।




इसमें कंपनियों से घूस लेकर अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया। इसके अलावा कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधियों के कर्नल के नियमित संपर्क मे रहने का आरोप लगाया गया। सीबीआई ने मामले की जांच में पाया कि कंपनी के निर्देश पर विनोद कुमार ने 18 दिसंबर को कर्नल को घूस के रूप में तीन लाख रुपये दिये थे।



इसके के बाद सीबीआई ने 20 दिसंबर को कर्नल दीपक शर्मा के दिल्ली स्थित आवास और उनकी पत्नी के गंगानगर स्थित ठिकानों के अलावा कंपनी से जुड़े लोगों के बेंगलूरु स्थिति ठिकानों पर छापा मारा।




छापेमारी के दौरान कर्नल दीपक शर्मा के घर से 2.26 लाख रुपये सहित अनेक दस्तावेज जब्त किये गये। जब्त की गयी इस राशि में घूस के रूप में लिये गए तीन लाख रुपये भी शामिल हैं। सीबीआई को गंगानगर स्थित ठिकानों से 10 लाख रुपये नक़द मिले।



छापेमारी के बाद सीबीआई ने कर्नल शर्मा और निजी कंपनी के प्रतिनिधि विनोद कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।सीबीआई के अनुरोध पर न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को 23 दिसंबर तक के लिए पुलिस रिमांड देने का आदेश दिया था। सीबीआई दोनों अभियुक्तों को रिमांड पर पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

0 Comments