Gangster Mukhtar Ansari : मुख्तार के दादा स्वतंत्रता सेनानी व कांग्रेस अध्यक्ष व पिता बड़े वामपंथी नेता रहे

0
मुख्तार अंसारी अपनी पत्नी के साथ। फाइल फोटो 



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, गाजीपुर 


मुख्तार अंसारी के परिवार की गाजीपुर ही नहीं पूर्वांचल क्षेत्र में  काफी प्रसिद्धि रही। मुख्तार के दादा डा. मुख्तार अहमद अंसारी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। वह वर्ष 1926-1927 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। वह गांधीवादी विचारधारा से जुड़े थे। डा. मुख्तार अहमद अंसारी के बेटे सुब्हानउल्लाह अंसारी देश के बड़े वामपंथी नेता थे। सुब्हानउल्लाह ने बेगम राबिया के साथ शादी की थी। दोनों से तीन बेटे हुए, जिसमें सिबगतुल्लाह अंसारी, अफजाल अंसारी और सबसे छोटा मुख्तार अंसारी। मुख्तार का जन्म 30 जून 1963 को गाजीपुर में हुआ था।


तीन भाइयों में छोटा, जरायम में बड़ा


 मुख्तार अंसारी, तीन भाइयों में सबसे छोटा था, लेकिन जरायम की दुनिया में सबसे बड़ा नाम रहा। मुख्तार अंसारी की शुरुआती पढ़ाई युसुफपुर गांव में हुई। उसके बाद गाजीपुर कालेज से स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की। मुख्तार की पत्नी का नाम अफ्शां अंसारी है। अफ्शां के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। अफ्शां पर यूपी पुलिस ने 75 हजार रुपये का इनाम रखा है। वह लंबे समय से फरार चल रही है। अफ्शां और मुख्तार के दो बेटे हैं, अब्बास अंसारी और उमर अंसारी।


एक बेटा जेल में, पत्नी पर पुलिस ने रख  रखा है इनाम


एक समय था जब मुख्तार और उसके परिवार की पूरे पूर्वांचल में तूती बोलती थी। पूर्वांचल का कोई भी ऐसा सरकारी ठेका नहीं था, जो उसकी मंजूरी के बगैर किसी और को मिल जाए, लेकिन अब मुख्तार की पत्नी से लेकर बेटों तक पर गंभीर आरोप हैं।


बड़ा बेटा अब्बास अंसारी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए मऊ से 2022 में विधानसभा चुनाव जीता। अब्बास का एक बेटा है। अब्बास की पत्नी का नाम निखत बानो है। अब्बास अभी जेल में बंद है।


छोटा बेटा 24 वर्षीय उमर अंसारी भी पुलिस के निशाने पर है। उमर पर हेट स्पीच मामले में कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। उमर अभी फरार चल रहा है। लग्जरी गाड़ियों का शौक रखने वाला उमर अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में जुटा हुआ था।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top