India Smart Cities Award-2022 : लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी को विभिन्न श्रेणियों में मिले 10 अवार्ड

0

राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के अवार्ड कैटेगरी में उत्तर प्रदेश व राजस्थान संयुक्त रूप से रहे तीसरे स्थान पर



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इण्डिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड कान्टेस्ट-2022 में उत्तर प्रदेश के चार प्रमुख शहरों का दबदबा राष्ट्रीय फलक पर कायम रहा। प्रदेश के कानपुर, आगरा, लखनऊ और वाराणसी इण्डिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड कान्टेस्ट-2022 की विभिन्न कैटेगरी में 10 अवार्ड अपनी झोली में डालने में सफल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के स्मार्ट सिटी शहरों के अच्छे प्रदर्शन के कारण राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के अवार्ड कैटेगरी में उत्तर प्रदेश व राजस्थान संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। इस उपलब्धि का श्रेय नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा, कुशल नेतृत्व और मार्ग-दर्शन को दिया है।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा की ओर जारी बयान के मुताबिक इण्डिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड कान्टेस्ट-2022 में नार्थ जोन के मिलियन प्लस स्मार्ट सिटी शहरों में वाराणसी स्मार्ट सिटी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर आगरा स्मार्ट सिटी को तृतीय स्थान प्रदेश के स्मार्ट सिटी शहरों में आगरा को मिला है। इण्डिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड कान्टेस्ट- 2022 में विभिन्न श्रेणियों में प्रदेश को कुल 10 अवार्ड प्राप्त हुए। प्रोजेक्ट अवार्ड कैटेगरी के बिल्ड इनवायरमेंट श्रेणी में कानपुर द्वारा पालिका स्पोर्ट स्टेडियम के आधुनिकीकरण व विकास कार्य के लिए न्यू टाउन कोलकाता के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इकोनॉमी श्रेणी में रोजगार ट्रेनिंग सेन्टर कार्य के लिए लखनऊ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। 


इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सस्टेनेबल माडल श्रेणी में आगरा स्मार्ट सिटी को केन्द्रीकृत कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर के माध्यम से आय अर्जन एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी व कार्य के लिए ग्वालियर के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल हुआ है। इसी तरह सोशल एस्पेक्ट्स श्रेणी में स्मार्ट हेल्थ सेन्टर व म्युनिसिपल स्कूल के उन्नयन कार्य के लिए आगरा ने  द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं, वाटर (पानी) श्रेणी में आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा एबीडी क्षेत्र में स्मार्ट वाटर मीटर व स्काडा द्वारा सातों दिन 24 घंटे जलापूर्ति कार्य के लिए द्वितीय स्थान मिला है। इसी तरह इनोवेशन अवार्ड कैटेगरी के कोविड इनोवेशन श्रेणी में आगरा द्वारा कोविड-19 के दौरान विभिन्न अभिनव कार्यों किए जाने पर तृतीय स्थान प्रदान किया गया है।


इसी तरह सिटी अवार्ड  कैटेगरी में नार्थ जोन के 10 लाख से अधिक की आबादी वाले स्मार्ट सिटी शहरों में वाराणसी स्मार्ट सिटी द्वारा प्रथम स्थान और नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड कैटेगरी में आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा पूरे देश में तृतीय स्थान हासिल किया है। 

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top