UP Assembly Election : कर्नाटक की शेरनी लंगूरों पर पड़ी भारी

फर्रुखाबाद के घोड़ा नखास स्थित नेपाली ग्राउंड में चुनावी जनसभा में बोले इमरान प्रतापगढ़ी


हिजाब की आड़ में छिपकर नहीं बच सकती भाजपा, प्रदेश सरकार को देना होगा पांच साल का हिसाब


फर्रुखाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करते इमरान प्रतापगढ़ी।


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, फर्रुखाबाद


कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने मंगलवार देर शाम शहर के मोहल्ला घोड़ा नखास स्थित नेपाली ग्राउंड में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पार्टी प्रत्याशी लुईस खुर्शीद के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिजाब की आड़ में छिपकर भाजपा बच नहीं सकती। भाजपा सरकार को पांच साल का हिसाब देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की बेटी ने बता दिया कि वह भाजपा के लंगूरों पर भारी है।



शायर व कांग्रेस के स्टार प्रचारक इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा दिया है। इस नारे को कर्नाटक की बेटी ने चरितार्थ कर दिया। उन्होंने कहा कि यह बेटी अपनी पसंद का लिबास पहनकर स्कूल गई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुंडों ने उसे हतोत्साहित करने का प्रयास किया, लेकिन उसने जिस हिम्मत से काम लिया, उसे पूरी दुनिया ने देखा है।



उन्होंने कहा कि भाजपा हिजाब के पीछे छिपकर चुनाव नहीं लड़ सकती। उसे हिसाब देना होगा। उन्होंने अपनी शायरी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह कांग्रेस से 60 साल का हिसाब मांगते हैं। हकीकत यह है कि वह देश को बेचने में जुटे हुए हैं। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने भी चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान सभासद पुत्र इमरान खलीफा, दिलशाद खलीफा आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments