UP Assembly Election : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- भाजपा राज में किसान और बेरोज़गार परेशान और उनके उद्योगपति मित्र मालामाल

0

  • कांग्रेस महासचिव ने बरेली की जनता को वर्चुअल रैली से किया संबोधित

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, बरेली

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के दौरान बरेली की जनता को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि यह मेरी पहली वर्चुअल रैली है। थोड़ा सा अजीब लग रहा है। मैं यहां हूं और आप वहां हैं। 


उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। नेताओं के आने पर यह बात क्यों नहीं होती है। प्रदेश में महंगाई चरम में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोग केवल जज्बातों पर वोट लेते हैं।


वोट काम के आधार पर नहीं मांग रहे, बल्कि धर्म, जाति के आधार पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने जनता से सवाल करते हुए पूछा कि महंगाई, बेरोजगारी कौन दूर करेगा? भाजपा की असलियत सामने है।


प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके दोनों उद्योगपति मित्र एशिया के सबसे बड़े अमीर हो गए। भाजपा अपने उद्योगपति मित्रों के लिए काम कर रही है। रेल, जहाज समेत कई संस्थानों को बेच कर उन्हें दे रहे हैं। किसानों के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। मैं जहां जाती हूँ लोग बेरोजगारी से परेशान मिलते हैं।



किसान खाद के लिए लाइनों में लग रहे हैं। रामपुर, ललितपुर समेत कई जगह का मैंने दौरा किया है। वहां की स्थिति देखी है। किसान भाइयों से बात करके उनकी समस्या जानी है। पुलिस अपराधियों की जगह बेगुनाह लोगों पर कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में गरीबी बढ़ रही है। इसकी किसी को चिंता नहीं है। आवारा जानवरों से किसान भाई परेशान हैं। उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।


प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वो करती है। छत्तीसगढ़ में आवारा पशु की समस्या को आसानी से सुलझाया गया है। हमने गोबर खरीदा, खाद बनाई और गैस बनाई। वहां की समस्या निपट गई है, लेकिन उत्तर प्रदेश की हालत खराब है। जनता परेशान है। युवा से लेकर कर्मचारी तक परेशान हैं। 



प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर

गेहूं और धान का मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल किसानों को मिलेगा। किसानों का बिजली का बिल माफ और बाकी का हाफ होगा। हम खोखले वादे नहीं करके दिखाएंगे। सरकारी विभागों में 12 लाख पद खाली है, उन्हें भरेंगे। उत्तर प्रदेश में 100 क्लस्टर बनाएंगे। मुरादाबाद में पीतल के कारोबार को हम आगे बढ़ाएंगे। नौजवान को पांच लाख रुपये 1 प्रतिशत पर लोन देंगे, जिससे रोजगार कर सकें। 



कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं की समस्याएं होती हैं, उसके लिए समाधान तलाशा है।महिला सिपाहियों को गृह जनपद में तैनात किया जाएगा। मैं जानती हूं कि नौजवानों के लिए भर्ती की बड़ी समस्या है। मैं नौजवानों से मिली। उन्होंने मुझे बताया कि हमने भर्ती की परीक्षा दी और उस परीक्षा को रद कर दिया गया। परीक्षा देने के बाद पेपर बदल गया पेपर लीक हो गया। 


प्रियंका गांधी ने कहा कि जो आपके लिए काम करे उस पार्टी को वोट करें। आपके सुख दुख में कांग्रेस ही साथ खड़ी मिली। जिस मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचला उसकी कल जमानत हो गई। अगर कांग्रेसी प्रदर्शन व विरोध न करते तो इन पर मुकदमा भी न लिखा जाता।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top