UP Assembly Election : BJP Candidate List गोरखपुर के सहजनवां विधायक का टिकट कटा, प्रदीप शुक्ला भाजपा प्रत्याशी, दो मंडल से आठ विधायकों को नहीं मिला टिकट

0

भाजपा ने गोरखपुर और बस्‍ती जिलों के आठ विधायकों को नहीं मिला टिकट

देवरिया सदर सीट से शलभ मणि त्रिपाठी को भाजपा ने मैदान में है उतारा

 


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, गोरखपुर


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गोरखपुर-बस्ती मंडल के टिकट वितरण में बड़ा उलट-फेर किया है। शुक्रवार को इस क्षेत्र में 26 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें आठ विधायकों को पार्टी ने दोबारा मौका नहीं दिया है। गोरखपुर जिले की नौ सीटों में से सात के प्रत्याशियों के नामाें की अब तक घोषणा की जा चुकी है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम पहले फाइनल किया जा चुका है। शुक्रवार को घोषित छह सीटों में से दो विधायकों को टिकट नहीं दिया गया है। उसमें सहजनवां विधायक शीतल पांडेय की जगह क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्‍ला ाको प्रत्‍याशी बनाया गया है। खजनी से विधायक संत प्रसाद की जगह श्रीराम चौहान को उतारा गया है। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी कोे देवरिया सदर सीट से मैदान में उतरा गया है। वहीं, विधायकों के टिकट कटने से पार्टी में खलबली मची हुई है।


गोरखपुर : चार को दोबारा मौका, दो विधायक का पत्ता कटा


गोरखपुर सदर सीट से पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम की घोषणा हो चुकी है। अब भाजपा ने आठ सीटों में से छह पर शुक्रवार को प्रत्‍याशी घोषित कर दिए। तीन विधायकों समेत चार प्रत्याशियों को दोबारा मौका मिला है, जबकि दो विधायकों की जगह एक नया चेहरा उतारा गया है। कैम्पियरगंज से विधायक फतेह बहादुर सिंह, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह,  बांसगांव विधायक विमलेश पासवान पर दोबारा भरोसा जताया गया है। वहीं, चिल्लूपार सीट से पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे राजेश त्रिपाठी को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। सहजनवां विधायक शीतल पांडेय का टिकट काटते हुए पार्टी ने यहां से क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है। खजनी सुरक्षित सीट से विधायक संत प्रसाद का टिकट काटकर मंत्री रहे श्रीराम चौहान को उतारा है। गोरखपुर ग्रामीण सीट पर निषाद पार्टी से गठबंधन को लेकर स्थिति स्‍पष्‍ट नहीं हो सकी है। चौरीचौरा सीट पर मंथन जारी है।



देवरिया : मंत्रियों पर फिर से भरोसा, तीन विधायकों का टिकट कटा



देवरिया की सात में पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं, जिसमें तीन विधायक काे टिकट नहीं मिला है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं पशुधन व मत्स्य राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद पर भरोसा जताया है। सलेमपुर एवं भाटपार रानी सीट का अभी प्रत्याशी तय नहीं हुआ है। देवरिया सदर से शलभमणि त्रिपाठी को पार्टी ने मौका दिया है। बरहज सीट से विधायक सुरेश तिवारी का टिकट काटकर पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद मिश्र के पुत्र पूर्व ब्लाक प्रमुख दीपक मिश्र शाका को प्रत्याशी बनाया है। रामपुर कारखाना सीट से विधायक कमलेश शुक्ला की जगह नया चेहरा सुरेंद्र चौरसिया को पार्टी ने उतारा है। वहीं, पथरदेवा सीट से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं रुद्रपुर सीट से पशुधन एवं मत्स्य राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद पर भरोसा जताया गया है।


 

कुशीनगर : भाजपा के तीन विधायकों को दोबारा मौका नहीं



कुशीनगर की तीन सीटों कुशीनगर, हाटा व फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायकों को पार्टी ने दोबारा मौका नहीं दिया है। कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी की जगह नए चेहरे व भाजपा के पुराने कार्यकर्ता पीएन पाठक को मौका दिया है। हाटा के विधायक पवन केडिया की जगह हाटा नगरपालिका के अध्यक्ष माेहन वर्मा औ फाजिलनगर विधायक गंगा सिंह का टिकट काटकर उनके लड़के सुरेन्द्र कुशवाहा को टिकट दिया है।



महाराजगंज : फरेंदा व पनियरा में पुराने चेहरों पर भरोसा



महराजगंज की पांच सीटों में से दो सीटों पर प्रत्‍याशी घोषित कर दिए हैं। पनियरा सीट से विधायक ज्ञानेंद्र सिंह व फरेंदा से विधायक बजरंग बहादुर सिंह को दोबारा पार्टी ने उतारा है। दोनों ने भाजपा संगठन से शुरू से जुड़कर कार्य कर रहे हैं।



बस्ती : यहां की चार सीटों पर पुराने चेहरे



बस्ती की पांच से चार सीटों पर पार्टी ने पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया है। बस्ती सदर से दयाराम चौधरी, महादेवा से रवि सोनकर, कप्तानगंज से सीए चंद्रप्रकाश शुक्ल और हर्रैया से अजय सिंह को टिकट फिर मिल गया है। रुधौली को लेकर असमंजस की स्थिति है। इस सीट पर अपना दल एस और निषाद पार्टी ने दावेदारी की है। 

 


सिद्धार्थनगर : दो मंत्री समेत चारों विधायक का टिकट पक्का



सिद्धार्थनगर जिले के पांच में चार विधानसभा सीटों पर पार्टी ने पुराने साथियों पर भरोसा जताया है। शोहरतगढ़ सीट अपना दल एस गठबंधन के पास है, जिसपर निर्णय होना बाकी है। बांसी सीट से सात बार में छह बार कब्जा जमाने वाले जय प्रताप सिंह को फिर से प्रत्याशी बनाया है। जय प्रताप सिंह सूबे के आबकारी मंत्री और स्वास्थ मंत्री हैं। इटवा सीट से दूसरी बार डाॅ. सतीश द्विवेदी को को उतारा है, जो बेसिक शिक्षा मंत्री हैं। डुमरियागंज से तीसरी बार विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह टिकट मिला है। कपिलवस्तु सुरक्षित सीट से विधायक श्याम धनी राही दोबारा टिकट पाने में कामयाब रहे हैं।



संतकबीर नगर : दो नाम घोषित, दोनों नए चेहरे


 

संतकबीर नगर जिले की तीन विधानसभा सीट में से खलीलाबाद और धनघटा पर भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। दोनों सीटों पर प्रत्याशी बदले गए हैं। खलीलाबाद सीट से जीते दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे पार्टी छोड़कर सपा में चले गए हैं। उनकी जगह अंकुर राज तिवारी को टिकट मिला है। धनघटा सीट से श्रीराम चौहान जीतकर प्रदेश सरकार में मंत्री बने थे। उनकी जगह गणेश चौहान को प्रत्याशी बनाया गया है। श्रीराम चौहान को धनघटा से सटे खजनी क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। 

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top