Kanpur New DM : कानपुर की नई डीएम नेहा शर्मा, मुख्यालय से अटैच विशाख जी अय्यर

0

चुनाव आयोग का चला चाबुक, मुख्यमंत्री के करीबी थे वर्तमान जिलाधिकारी



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर


उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने चाबुक चलाया है। कानपुर के जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर को यहां से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। कानपुर की नई डीएम नेहा शर्मा बनाई गईं हैं। अभी तक वह ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी थीं। कानपुर के डीएम बनने से पहले दो वर्षों तक विशाख जी अय्यर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव थे। विशाख जी अय्यर को मुख्यमंत्री का करीबी बताया जाता है।


कानपुर में पहले भी रह चुकी तैनात


नेहा शर्मा वर्ष 2010 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। नेहा शर्मा की पहली पोस्टिंग वर्ष 2012 में बागपत में बतौर एसडीएम हुई थी। वर्ष 2013 में वह कानपुर सदर में एसडीएम रहीं। उसके बाद वर्ष 2014-15 तक उन्नाव की सीडीओ भी रहीं। वर्ष 2017 में फिरोजाबाद की डीएम बनीं। उसके बाद डीएम रायबरेली भी रह चुकी हैं।


छत्‍तीसगढ़ में जन्मी हैं नेहा शर्मा


नेहा शर्मा का जन्म 13 फरवरी 1984 को छत्तीसगढ़ के जिला कोरिया में हुआ था। माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं। पिता डॉ. आरके शर्मा और मां डा. रजनी शर्मा के अलावा घर में एक छोटा भाई संकल्प शर्मा जो डॉक्टरी की तैयारी कर रहा है। एक छोटी बहन निष्ठा शर्मा हैं, जो यूपीएससी की तैयारी कर रहीं हैं। नेहा ने ग्वालियर के सिंधिया स्कूल में कक्षा 12 तक की शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली चली गईं, जहां दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से बीए और उसके बाद दिल्ली कॉलेज ऑफ इकोनोमिक्स से मास्टर की डिग्री हासिल की। मास्टर की पढ़ाई के उपरांत वह यूपीएससी की तैयारी करती रहीं। वर्ष 2010 में यूपीएससी में 66वीं रैंक हासिल कर आईएएस में चयनित हुईं। दो साल की ट्रेनिंग के बाद यूपी कैडर मिला।


पति हैं आईआरएस


डीएम नेहा शर्मा के पति का नाम दर्पण है। वह इंडियन रेवेन्यू सर्विसेज (आइआरएस) में हैं, जो मेरठ के कस्टम विभाग में कार्यरत हैं। उनकी 5 साल की एक बेटी है, जिसका नाम पोयम है।


समस्याओं का निदान कराना ही मकसद


नवनियुक्त डीएम नेहा शर्मा का कहना है कि उनका मकसद लोगों की समस्याएं सुन उनका निदान कराना है। वह जनता के बीच रहना चाहती हैं। उनके दुख दर्द को बांटकर उनके चेहरे पर खुशी देने का प्रयास करती हैं। उनका यह सदैव प्रयास रहेगा कि उनके दरवाजे पर आने वाले व्यक्ति की समस्या सुनी जाए और उनका निराकरण भी किया जाए। 

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top