Big News From Lucknow : भाजपा ज्वाइन करने के बाद लखनऊ पहुंची अपर्णा यादव, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से लिया आशीर्वाद

0


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में नई दिल्ली में बुधवार को पार्टी की सदस्यता लेने वाली समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव गुरुवार की रात लखनऊ पहुंचीं। शुक्रवार सुबह वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक व अपने ससुर मुलायम सिंह यादव यानी नेताजी का आशीर्वाद लिया। इसके साथ नई राजनीति पारी नई विचारधारा के साथ शुरू की है।


अपर्णा यादव ने शुक्रवार को मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लेने के बाद उनका आशीर्वाद लेते हुए अपनी फोटो ट्वीट भी की है। भाजपा में शामिल होने के बाद लखनऊ पहुंची अपर्णा यादव ने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी यानी नेताजी का आशीर्वाद लिया।



इससे पहले अपर्णा यादव गुरुवार रात को नई दिल्ली से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचीं। जहां पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर उनके समर्थक ढोल-नगाड़े के साथ मुस्तैद थे। उनके आगमन पर जमकर फूलों की बारिश भी की गई। इसके बाद भांगड़ा पर समर्थक झूमते रहे। एयरपोर्ट से घर आने के रास्तों पर भी जगह-जगह पर अपर्णा का स्वागत किया गया।  


समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव को समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से चुनाव के मैदान में उतारा था। इसमें भाजपा की डा. रीता बहुगुणा जोशी ने अपर्णा यादव को पराजित किया था। इस चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने अपर्णा यादव के समर्थन में जनसभा की थी। मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सिर्फ अपर्णा यादव, शिवपाल सिंह यादव तथा स्वर्गीय पारसनाथ यादव के पक्ष में ही जनसभा की थी। 


शिवपाल सिंह यादव इटावा के जसवंतनगर तथा पारस नाथ यादव जौनपुर के मल्हनी से चुनाव लड़े थे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं रीता बहुगुणा जोशी को भाजपा ने प्रयागराज से वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ाया। उनके सांसद बनने के बाद कैंट सीट पर उप चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपर्णा यादव को टिकट नहीं दिया था। उप चुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की थी।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top