Big News from Chattisgarh : लखीमपुर खीरी जैसी घटना छत्तीसगढ़ के जशपुर में भी, दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन करने जा रहे लोगों को एसयूवी सवार ने कुचला, एक की मौत, 20 से अधिक घायल

0



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, रायपुर


उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जैसी घटना छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भी शनिवार को घटित हुई है। दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने जा रहे लोगों को एसयूवी सवार कुचलते हुए निकल गए। इसमें घटना स्थल पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।




विसर्जन करने जा रहे लोगों को कुचले जाने की घटना से भड़के लोगों ने कई वाहनों में आग लगा दी। एसयूवी सवार चालक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई भी की। घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश है। लोगों ने शहर को बंद करने का ऐलान कर दिया। स्थानीय लोग पत्थलगांव थाने का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कार सवार लोगों को पीछे से आकर कुचलते हुए निकलता दिख रहा है।



मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार से गाड़ी जुलूस में चल रहे लोगों की तरफ पीछे से अचानक घुसती चली आई। इस हादसे में मरने वाला युवक गौरव अग्रवाल है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लोगों का आरोप है कि लोगों को कुचलने वाले वाहन में गांजा भरा हुआ था। वहीं,, पत्थलगांव के एसडीओपी का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है।



जशपुर के एसपी विजय अग्रवाल ने घटना में एक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में 20से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिसमें से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर जेम्स मिंज ने बताया कि अस्पताल में एक शव को लाया गया था, जबकि अन्य घायल थे। घायलों में से दो को रेफर कर दिया गया। एक्स-रे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।



मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर की घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। जांच के आदेश दिए गए हैं, दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे।


घटना का भयावह वीडियो आया सामने


जशपुर जिले में हुई दुर्घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि जुलूस में चल रहे लोगों को पीछे से एक लाल रंग की कार कुचलते हुए निकल गई। इसके बाद घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति मच गई। लोग इधर-उधर भागते हुए नजर आ रहे हैं, कई लोग जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं।





भाजपा ने बघेल सरकार को घेरा


इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा नेता अमित मालवीय ने दुर्घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि छत्तीसगढ़ के जशपुर में हिंदू धार्मिक जुलूस के ऊपर से तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ गई। हिंदुओं पर सांप्रदायिक प्रोफाइलिंग और हमले का यह दूसरा ऐसा उदाहरण है, जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गांधी भाई-बहनों (राहुल और प्रियंका गांधी) को यूपी में राजनीतिक आधार ढूंढने के लिए मदद करने में व्यस्त हैं।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top