Kanpur Crime : दुष्कर्म के आरोपी की अस्थाई जेल में मौत

- सचेंडी के गांव में शौच के लिए जा रही युवती से किया था दुष्कर्म

- देर रात लोगों ने पीटकर आरोपी को पुलिस को सौंपा



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर

जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार रात शौच के लिए गई युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी की रविवार सुबह चौबेपुर स्थित अस्थाई जेल में मौत हो गई। घटना की रात आरोपी को ग्रामीणों ने बेरहमी से पीटकर अधमरा करने के बाद पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया था, लेकिन डॉक्टर उसकी अंदरूनी चोटों का अंदाजा नहीं लगा सके। रविवार को घटना की जानकारी होने पर आरोपी के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस और डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।


शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे गांव की  25 वर्षीय युवती अकेले खेत पर शौच के लिए गई थी। लौटते समय गांव के 35 वर्षीय सुबोध बाजपेई नशे की हालत में आया और उसने अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसके अंगों को छूने लगा और फिर युवती का मुंह दबाकर खेत में खींच ले गया। वहां जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।


 आरोपी के चंगुल से छूटकर जब युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिससे वह आक्रोशित हो गए। 


पहले आरोपी के घर गए, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसके बाद बेटी को थाने लेकर गए और उन्होंने सुबोध के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उसके बाद पुलिस ने भी आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक देर रात आरोपी को ग्रामीणों ने खेत पर पकड़ लिया। उन्होंने आरोपी युवक को जमकर पीटा और फिर थाने लाकर पुलिस को सौंप दिया। शनिवार को आरोपी की चोटों का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चौबेपुर स्थित अस्थाई जेल भेज दिया गया। शनिवार सुबह जेल में ही आरोपी सुबोध की मौत हो गई। 


घटना वाली रात ही आरोपी युवक को लोगों ने खेत पर पकड़ लिया था। उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। उसके बाद पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन जांच के बाद उन चोटों को डॉक्टरों ने गंभीर नहीं बताया और भर्ती करने से भी मना कर दिया था। इसके बाद आरोपित को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया था। संभवत: शरीर में अंदरूनी चोटें आई थीं, जिससे आरोपित की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अगर स्वजन कोई तहरीर देते हैं तो जांच कराई जाएगी।


- बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण, कानपुर नगर।

Post a Comment

0 Comments