Big Breaking : सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर मुकदमा दर्ज

0

  • फाइव स्टार होटल में प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से मारपीट का मामला
  • अंगरक्षकों और 21 कार्यकर्ताओं को भी मुकदमे में बनाया आरोपित



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मुरादाबाद


सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों के साथ मारपीट की घटना में घिरते नजर आ रहे हैं। पत्रकारों की तहरीर पर अखिलेश यादव समेत समाजवादी पार्टी के 21 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिले के थाना पाकबड़ा में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच भी शुरू कर दी है।


इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. तरुण पाराशर ने पाकबड़ा थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव व उनके कार्यकर्ता 11 मार्च की शाम फाइव स्टार होली डे रेजीडेंसी होटल में प्रेसवार्ता कर रहे थे। प्रेस कान्फ्रेंस के उपरांत होटल की लाबी में कुछ पत्रकारों ने अखिलेश यादव से व्यक्तिगत सवाल पूछ दिया। इस पर अखिलेश यादव नाराज हो गए। आरोप है कि अखिलेश ने सुरक्षा कर्मियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसा दिया।


सुरक्षाकर्मी व सपाई पत्रकारों पर टूट पड़े। इसमें कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आईं। तहरीर के आधार पर अखिलेश यादव एवं 21 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी मुरादाबाद अमित कुमार आनंद ने बताया कि घटना से संबंधित साक्ष्य एकत्र करके कार्रवाई की जाएगी।


उधर, सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने तहरीर देकर बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुरादाबाद दौरे पर थे। प्रेसवार्ता शुरू होने से ठीक पहले करीब पांच बजे फरीद शम्सी व उवैदुल रहमान नाम के दो व्यक्ति होटल पहुंचे। दोनों खुद को पत्रकार बता रहे थे। दोनों पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों एवं सपा कार्यकर्ताओं पर लगातार छींटाकशी कर रहे थे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए जबरिया बाइट लेने पर आमादा हो गए।


वीआइपी सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों से दोनों ने धक्कामुक्की की। इसके बाद बेहोशी का नाटक करते फरीद शम्सी जमीन पर लेट गया। दोनों कथित पत्रकारों ने जान बूझकर सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षित करना पड़ा।


पूर्व सीएम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी जयप्रकाश निवासी आशियाना लखनऊ को बीच बचाव में काफी चोटें आईं। सुरक्षाकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने सुरक्षाकर्मी को लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों ने जानबूझ कर पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की। सपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर दोनों आरोपितों के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी मुरादाबाद अमित कुमार आनंद ने बताया कि मारपीट मामले में दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर मिली है। दोनों पर मुकदमा लिख लिया है। साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top