उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लखनऊ में प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में पूर्व मंत्री इजहारुल हक, नईम अहमद व हाजी रशीद खान सहित सैकड़ों नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पढ़ें पूरी खबर।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में आयोजित विशाल सदस्यता ग्रहण समारोह में विभिन्न दलों, छात्र संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों से आए सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और एआईसीसी सचिव व सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान की मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने सभी नए सदस्यों को विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाई, जबकि मंच का सफल संचालन प्रदेश महासचिव अरशद खुर्शीद ने किया।
प्रमुख नेताओं और समर्थकों का कांग्रेस में प्रवेश
समारोह में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री, शिया कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व लखनऊ के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी इज़हारुल हक़, नईम अहमद, और नानपारा (बहराइच) के पूर्व प्रत्याशी हाजी रशीद खान के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने कांग्रेस का दामन थामा। साथ ही आगरा विश्वविद्यालय से समाजवादी पार्टी छात्रसभा के नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा कांग्रेस में शामिल हुए। इज़हारुल हक़ के साथ मोहम्मद ज़फर, मोहम्मद सलमान खान, तनवीर साहब, मोहम्मद शकील और मोहम्मद अजीम सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सदस्यता ली।
हाजी रशीद खान के साथ शराफत अली खान सहित कई सभासद, ग्राम प्रधान और दर्जनों बीडीसी (BDC) सदस्य कांग्रेस में शामिल हुए।
लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई: राजेंद्र पाल गौतम
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि जननायक राहुल गांधी जी के जज्बे और देश को बचाने के उनके संकल्प से प्रेरित होकर पूरे देश के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, "संविधान ने नागरिकों को अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का अधिकार दिया है, लेकिन आज सवाल पूछने पर लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।"
"दलितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों पर जुल्म ढाए जा रहे हैं। नफरती भाषणों और जाति-धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति केवल भाजपा कर रही है।"
"मुख्य चुनाव आयुक्त संविधान के तहत लोकतंत्र और आम जनता के मताधिकार की रक्षा करने में विफल रहे हैं। उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है, जो देश के साथ गद्दारी है।"
"महंगी शिक्षा के कारण गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। देश में 8 करोड़ 74 लाख युवा बेरोजगार और हताश हैं।"
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करें और देश बचाने की इस लड़ाई में आगे आएं।
हर अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़ी है कांग्रेस: अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भारी बारिश के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में शामिल हुए लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और सत्ता के उत्पीड़न से पीड़ित आम आदमी लगातार कांग्रेस की ओर देख रहा है।
अजय राय ने कहा, "चाहे बहराइच हो, बरेली, कुशीनगर, रामपुर (जौहर विश्वविद्यालय), मुरादाबाद या सहारनपुर—जहाँ भी सत्ताधारी दल ने उत्पीड़न किया, वहाँ राहुल गांधी के सिपाही सबसे पहले डटकर खड़े हुए।"
"प्रयागराज में युवाओं पर लाठियां चलाई गईं और उन्हें जेल भेजा गया, तब कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके हक की लड़ाई लड़कर उन्हें रिहा कराया।"
"पूर्वांचल में एक ब्राह्मण युवा द्वारा मुख्यमंत्री के काफिले के आगे सवाल पूछने पर पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया। कांग्रेस पार्टी हर अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष कर रही है।"
उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र विरोध प्रदर्शन करेगी।
लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी: अब्दुल हन्नान
एआईसीसी के सचिव एवं सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने पर उतारू हैं। सरकार की मिलीभगत से मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा जो कदम उठाए जा रहे हैं, वह देश के साथ धोखा है। उन्होंने इस सफल ज्वाइनिंग कार्यक्रम के आयोजन में अरशद खुर्शीद के विशेष योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेतागण
इस समारोह में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। उसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी, पूर्व विधायक मीता गौतम, धीरेंद्र सिंह धीरू, राजेश जायसवाल, तारिक सिद्दीकी, अरशद आजमी, आसिम वकार, प्रदीप सिंह, अंशू अवस्थी, डॉ. अलीमुल्ला खान, नईम सिद्दीकी, अब्दुल्ला शेर खान, सुबोध श्रीवास्तव, मुकेश सिंह चौहान, श्रवण गुप्ता, अमित राय, ममता चौधरी, मान सिंह चौहान, सिद्धिश्री, हम्माम वहीद, सुशीला शर्मा, रिचा शर्मा, राजेश सिंह काली और मोहम्मद इरफान।



0 Comments
if you have any doubt,pl let me know