नवयुग कन्या महाविद्यालय लखनऊ में बी.ए. फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हुआ। कीर्ति अवस्थी मिस फ्रेशर, मुस्कान मिश्रा प्रथम और अनन्या साहू द्वितीय रनरअप चुनी गईं। पढ़ें पूरी खबर।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
नवयुग कन्या महाविद्यालय में नवप्रवेशित बी.ए. की छात्राओं के स्वागत के लिए सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में भव्य 'फ्रेशर्स पार्टी' का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रैंप वॉक और प्रतिभा प्रदर्शन से सजे इस समारोह में छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस फ्रेशर’ प्रतियोगिता रही, जिसमें कीर्ति अवस्थी ने अपनी बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास के बल पर 'मिस फ्रेशर' का खिताब अपने नाम किया।
तीन मुख्य चरणों में'मिस फ्रेशर' प्रतियोगिता का आयोजन
प्रथम चरण (आत्म-परिचय एवं रैंप वॉक): इस चरण में कुल 45 छात्राओं ने अपनी व्यक्तित्व-प्रस्तुति दी, जिनमें से 12 छात्राओं का चयन अगले दौर के लिए हुआ।
द्वितीय चरण (टैलेंट राउंड): चयनित 12 प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
तृतीय एवं अंतिम चरण (क्वेश्चन-आंसर राउंड): अंतिम चरण में पहुँची 6 छात्राओं से निर्णायक मंडल ने विभिन्न प्रश्न पूछे। इसके माध्यम से छात्राओं की बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और व्यक्तित्व की परख की गई।
निर्णायक मंडल और विजेताओं की घोषणा
प्रतियोगिता का सूक्ष्मता एवं निष्पक्षता से मूल्यांकन करने वाले निर्णायक मंडल में प्रो. संगीता कोतवाल (विभागाध्यक्ष, अंग्रेज़ी विभाग) तथा प्रो. सीमा पांडे (विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग) शामिल रहीं।
विजेताओं के नाम
मिस फ्रेशर : कीर्ति अवस्थी
प्रथम रनरअप : मुस्कान मिश्रा
द्वितीय रनरअप : अनन्या साहू
मिस ऑलराउंडर : भूमि सागर
मिस ब्यूटीफुल स्माइल : सानिया इदरीसी
सभी को ताज पहनाकर, उपाधि देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और कुशल मंच संचालन
समारोह में छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बाँध दिया। सिमरन, अर्शी, रैना और मंजू के शानदार नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं मुस्कान मिश्रा और निकिता ने अपनी प्रभावशाली एंकरिंग (मंच संचालन) के माध्यम से पूरे कार्यक्रम में निरंतर ऊर्जा बनाए रखी।
सफल आयोजन में वरिष्ठ छात्राओं का योगदान
कार्यक्रम के सुचारू व सफल संचालन में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्राओं की टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजक टीम में शामिल छात्राओं में नीलाक्षी, वेदिका तिवारी, कोमल रावत, अन्वी सिंह, खुशी मेहरोत्रा, खुशी निषाद, दीपांशी तिवारी, शुभांगी एवं अन्य सहपाठी रहीं।
प्राचार्या व शिक्षिकाओं ने दिया उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने सभी विजेता व प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की इंचार्ज प्रो. सीमा सरकार के साथ समिति सदस्य डॉ. रीमा छाबड़ा, डॉ. अपूर्वा अवस्थी, डॉ. गरिमा मिश्रा, डॉ. सुकन्या तिवारी, डॉ. क्षितिज शुक्ला, डॉ. स्नेहा चौधरी और डॉ. किरन पांडे सहित महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताएँ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। पूरा समारोह उत्साह, उमंग और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





0 Comments
if you have any doubt,pl let me know