Lucknow UP Congress: आराधना मिश्रा 'मोना' बनीं UP कांग्रेस की नई अध्यक्ष, इमरान मसूद बने कार्यकारी अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अजय राय की जगह आराधना मिश्रा 'मोना' को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

​प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ

​उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों को मजबूती देने और सांगठनिक समीकरणों को साधने के उद्देश्य से कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी हाईकमान ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्थान पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधानमंडल दल (CLP) की नेता एवं वरिष्ठ विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को पार्टी का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।  

​समीकरण साधने और संगठन में नई ऊर्जा भरने की रणनीति

​2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व—अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। संगठन में महिला सशक्तिकरण और सवर्ण-ब्राह्मण नेतृत्व के साथ-साथ मुस्लिम और दलित वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए यह नई टीम गठित की गई है।

​पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह, वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई

​कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने आराधना मिश्रा 'मोना' को नई कमान मिलने पर हार्दिक बधाई दी। अंशू अवस्थी ने कहा, ​"वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी आराधना मिश्रा 'मोना' के कुशल नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करेगी। पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।"

​उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए आगे कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी से कार्यकर्ताओं में एक नया जोश आया है। आराधना मिश्रा 'मोना' के नेतृत्व में पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी नई जिम्मेदारी, नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश भर में कांग्रेस की आवाज को और बुलंद करेंगे।

Post a Comment

0 Comments