Jaipur: जार जयपुर ग्रामीण का शपथ ग्रहण में कहा- लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका अहम

जमवारामगढ़ में आयोजित 'जार' जयपुर ग्रामीण के जिला सम्मेलन में विधायक महेंद्र पाल मीणा और कृष्णा पूनिया ने पत्रकारों की निर्भीक पत्रकारिता को लोकतंत्र का आधार बताया। जानें नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण की पूरी जानकारी।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, जयपुर/जमवारामगढ़

लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए चुनौतियों के बीच भी निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता अनिवार्य है। यह विचार जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) जयपुर ग्रामीण के जिला पत्रकार सम्मेलन एवं नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में उभरकर आए। रविवार को जमवारामगढ़ के अनंत रिजॉर्ट्स में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में राजनीति और पत्रकारिता जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।

नई कार्यकारिणी ने ली पद-गोपनीयता की शपथ

समारोह के दौरान जार जयपुर ग्रामीण की नवनियुक्त कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई। संगठन के प्रति निष्ठा और पत्रकारों के हितों के लिए अहम कार्य करने का संकल्प लेने वाले पदाधिकारियों की सूची इस प्रकार है।

पद  :   नाम 

अध्यक्ष : सुरेश शर्मा

महासचिव : बजरंग शर्मा

कोषाध्यक्ष: बनवारी लाल शर्मा

उपाध्यक्ष : मनोज गर्ग, गिरिराज शर्मा एवं राजेश मीणा

मीडिया प्रभारी : प्रवीण मुद्गल

सचिव : उमेश शर्मा एवं लक्ष्मी नारायण यादव।

पत्रकारिता समाज का आईना

मुख्य अतिथि पद्मश्री और पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया ने कहा कि जब पत्रकार जनता की समस्याओं को उठाते हैं, तो प्रशासन अक्सर असहज हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा, "पत्रकारों की लेखनी को जनता की आवाज मानकर उसका सम्मान किया जाना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती पत्रकारों के साहस पर टिकी है।"

सरकार तक पहुँचेगी पत्रकारों की मांग

जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा ने 'जार' को एक ऐतिहासिक और मजबूत संगठन बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की वाजिब मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाएगा ताकि उनका त्वरित समाधान हो सके।

निष्पक्षता और सजगता

पूर्व विधायक गोपाल मीणा और वरिष्ठ पत्रकार लल्लू लाल शर्मा ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को और अधिक सजग और ईमानदार रहने की जरूरत है। उन्होंने पत्रकारों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

पत्रकार सुरक्षा कानून व राष्ट्रीय रजिस्ट्रार की मांग

नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (NUJI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रमुखता से मांगे उठाईं।

पत्रकार सुरक्षा कानून : फर्जी पत्रकारों पर लगाम लगाने और वास्तविक पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून।

नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्ट्रार : केंद्र सरकार द्वारा पत्रकारों के प्रमाणीकरण के लिए रजिस्ट्रार और मीडिया काउंसिल का गठन।

आजीविका का संकट : जर्नलिस्ट्स वर्किंग एक्ट समाप्त होने से उत्पन्न हुए मानदेय संकट पर ध्यान देने की जरूरत।

पत्रकारों को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता

जार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी और प्रदेश महासचिव सुरेश सैनी ने स्पष्ट किया कि संगठन का प्राथमिक लक्ष्य ग्रामीण पत्रकारों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

 इनकी रही गरिमामय उपस्थिति

समारोह के अंत में सभी अतिथियों को साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि राकेश मीणा, दधीबल यादव, वरिष्ठ पत्रकार विनोद चतुर्वेदी, कन्हैया लाल शर्मा, नायला सरपंच, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) ललित मीना, तहसीलदार जमवारामगढ़ रामधन विश्नोई व तहसीलदार प्रांजल कंवर सहित भारी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments