Barabanki में कांग्रेस के ‘संविधान संवाद’ में अविनाश पाण्डेय और अजय राय ने कहा- प्रदेश की जनता अब चाह रही बदलाव

 Samvidhan Samvad Barabanki बाराबंकी के दरियाबाद में कांग्रेस का संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित। अविनाश पाण्डेय, अजय राय और आराधना मिश्रा ने 2027 चुनाव और संविधान की रक्षा पर दिया बड़ा बयान। पढ़ें पूरी रिपोर्ट। UP Election 2027

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, बाराबंकी/लखनऊ

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट स्थित दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में रविवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित 'संविधान संवाद' कार्यक्रम में सत्तापक्ष पर तीखे हमले बोले गए। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने एकजुट होकर दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार की विदाई तय है।

संविधान और लोकतंत्र बचाने की जंग

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का '400 पार' का नारा संविधान को बदलने के 'नापाक मंसूबों' का हिस्सा था।

संविधान पर हमला : पाण्डेय ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर रही है।

राहुल गांधी का नेतृत्व : उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सड़क से संसद तक लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं, जिसका परिणाम 2024 के लोकसभा चुनावों में दिख चुका है।

कार्यकर्ताओं का आह्वान : उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।

"हमारा वोट, हमारी ताकत": अजय राय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आर्थिक मुद्दों और घोटालों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में बड़े घोटाले हुए हैं और अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। सत्ता परिवर्तन होने पर फरार आर्थिक अपराधियों को वापस लाकर जेल भेजा जाएगा।

स्थानीय हितों की अनदेखी : उन्होंने धार्मिक स्थलों पर बाहरी व्यापारियों के बढ़ते वर्चस्व पर चिंता जताई और स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा का वादा किया।

क्रांतिकारियों की धरती को नमन: आराधना मिश्रा 'मोना'

कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा 'मोना' ने बाराबंकी की ऐतिहासिक विरासत और रफी अहमद किदवई जैसे क्रांतिकारियों को याद किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "आज अगर हम अपनी बात रख पा रहे हैं, तो यह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की ही शक्ति है।"

सम्मान और आयोजन

कार्यक्रम का सफल आयोजन अब्दुल्लाह शेर खान द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के आधा दर्जन दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के परिजनों को उनका चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जो भावुक क्षण रहा।

अतिथियों और कार्यकर्ताओं का जताया आभार

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भसमा प्रसाद मिश्रा ने की, जबकि संचालन शारिक अली शालू ने किया। आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में, वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी धीरज गुर्जर, जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, चेतनारायण, राजेंद्र प्रताप सिंह, दयानंद शुक्ला, रामदास वर्मा, भानु वर्मा, विनय मिश्रा, मनीष रावत, अकील अहमद, मोहम्मद शरीफ और विकास वर्मा मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments