UP Budget 2026 Highlights: योगी सरकार ने पेश किया ₹9.12 लाख करोड़ का भारी-भरकम बजट। जानें युवाओं के लिए रोजगार, फ्री स्कूटी योजना, नए मेडिकल कॉलेज और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी बड़ी घोषणाएं।
UP Budget 2026 : योगी सरकार का ₹9.12 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट, 10 लाख युवाओं को नौकरी और 16 नए मेडिकल कॉलेजप्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल का अब तक का सबसे बड़ा और समावेशी बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत किया गया यह बजट 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को चरितार्थ करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर दिया है।
बजट 2026 की 10 बड़ी घोषणाएं
योगी सरकार ने इस बजट में 43 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाओं का ऐलान किया है। आइए जानते हैं बजट की प्रमुख मुख्य बातें।
युवाओं को रोजगार : प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना : युवाओं को स्वरोजगार के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और बिना गारंटी के ऋण मिलेगा।
शिक्षा और मेधावी छात्र : मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से स्कूटी बांटी जाएंगी।
मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर : प्रदेश में वर्तमान में संचालित 60 मेडिकल कॉलेजों के साथ अब 16 नए मेडिकल कॉलेज और खोले जाएंगे।
कन्या सुमंगला और विवाह अनुदान : बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को 51 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।
जेवर एयरपोर्ट का विस्तार : नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में अब 2 की बजाय 5 रनवे बनाए जाएंगे।
नार्थ-ईस्ट कॉरिडोर : गोरखपुर से नेपाल बॉर्डर होते हुए सहारनपुर तक 34 हजार करोड़ रुपये की लागत से एक नया कॉरिडोर विकसित होगा।
स्मार्ट सिटी मिशन : केंद्र की तर्ज पर राज्य सरकार प्रदेश के 7 शहरों को 'स्मार्ट सिटी' के रूप में विकसित करेगी।
आवास योजना : मध्यम वर्ग के लिए उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद नई रेजिडेंशियल स्कीम्स लॉन्च करेगी।
तीन नई यूनिवर्सिटी : उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 3 नई यूनिवर्सिटीज की शुरुआत होगी।
बजट का गणित: किस क्षेत्र को क्या मिला
सरकार ने इस बार अपने खजाने का सबसे बड़ा हिस्सा विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को समर्पित किया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर फोकस
बजट का एक चौथाई हिस्सा (25%) सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रखा गया है। गोरखपुर से सहारनपुर तक बनने वाला नार्थ-ईस्ट कॉरिडोर न केवल व्यापार को गति देगा, बल्कि नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा। जेवर एयरपोर्ट का 5 रनवे के साथ विस्तार इसे दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों की श्रेणी में खड़ा कर देगा।
महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी सौगात
योगी सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'बेटी की शादी अनुदान' योजना की राशि को दोगुना कर दिया है। अब गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए सरकार 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी।
"यह बजट उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। हमने युवाओं के सपनों और मध्यम वर्ग की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा है।" सुरेश खन्ना, वित्त मंत्री, उत्तर प्रदेश।


0 Comments
if you have any doubt,pl let me know