UP Board Exam : जूते-मोजे उतारने पर रोक, छात्राओं की तलाशी के लिए नए नियम जारी

UP Board Exam 2026 के लिए योगी सरकार की नई गाइडलाइंस। परीक्षार्थियों के जूते-मोजे उतरवाने पर रोक, CCTV से निगरानी और छात्राओं की तलाशी केवल महिला शिक्षक करेंगी। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर योगी सरकार ने इस बार सुरक्षा के साथ-साथ छात्र सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है। हाल ही में शासन द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के जूते और मोजे उतरवाकर तलाशी लेने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह कदम छात्रों के मानसिक दबाव को कम करने और परीक्षा के दौरान गरिमा बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

मुख्य द्वार पर ही सघन जांच

सरकार ने स्पष्ट किया है कि नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच प्रक्रिया परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही पूरी की जाएगी। इसके बाद छात्रों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।

CCTV और वॉयस रिकॉर्डर पर नजर

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर का एक्टिव होना अनिवार्य है। शासन ने निर्देश दिए हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की जाए। अगर कोई कैमरा खराब पाया जाता है, तो उसकी सूचना तत्काल DIOS (जिला विद्यालय निरीक्षक) और राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य होगा। कंट्रोल रूम से परीक्षाओं की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

छात्राओं की सुरक्षा और तलाशी के नियम

छात्राओं की गरिमा का ध्यान रखते हुए सरकार ने कड़े निर्देश दिए हैं कि छात्राओं की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाएं ही करेंगी। किसी भी परिस्थिति में पुरुष शिक्षक छात्राओं की तलाशी नहीं लेंगे। यदि किसी केंद्र पर महिला शिक्षिका की कमी है, तो वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को भेज दिए गए हैं।

18 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल मुक्त संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

#UP Board Exam 2026 Guidelines


Post a Comment

0 Comments