Kanpur : DM के औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य विभाग की पोल, 6 कर्मियों का वेतन कटा

कानपुर डीएम Kanpur DM ने गीता नगर आयुर्वेदिक कार्यालय और कल्याणपुर PHC का औचक निरीक्षण किया। ड्यूटी से अनुपस्थित 6 स्वास्थ्यकर्मियों और हस्ताक्षर कर गायब डॉक्टर पर गिरी गाज, वेतन काटने के आदेश।

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका चेक करते डीएम।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर

सरकारी दफ्तरों में समयबद्धता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी (DM) जितेंद्र प्रताप सिंह एक्शन मोड में हैं। बुधवार सुबह जब डीएम अचानक क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय और कल्याणपुर PHC पहुंचे, तो वहां की अव्यवस्था और कर्मचारियों की अनुपस्थिति देखकर उनका पारा चढ़ गया। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए अनुपस्थित मिले 6 स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है।

आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय में मचा हड़कंप

जिलाधिकारी प्रातः 10:25 बजे गीता नगर स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में सन्नाटा पसरा था और 5 मुख्य कार्मिक ड्यूटी से गायब मिले।

अनुपस्थित मिले कर्मचारी : संदीप कुमार कटियार, चंद्रशेखर गौड़, श्रुति वर्मा, नंदराम प्रजापति और विजय।

मौके पर मौजूद डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह विभागीय कार्य से कानपुर देहात गए हुए हैं।

फोन पर खुली पोल : डीएम ने चौबेपुर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह को फोन मिलाया, तो पता चला कि वे निर्धारित समय के बाद भी केंद्र नहीं पहुंचे थे।

कल्याणपुर PHC : रजिस्टर में साइन पर डॉक्टर गायब

इसके बाद डीएम कल्याणपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचे। वहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनीता सेठ तो मौजूद मिलीं, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर की जांच में बड़ा खेल सामने आया।

टेलीमेडिसिन डॉक्टर की लापरवाही : उपस्थिति पंजिका में डॉ. प्रकांक्षा कटियार के हस्ताक्षर तो थे, लेकिन वे केंद्र पर उपस्थित नहीं थीं।

धोखाधड़ी और अनुशासनहीनता पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उनका भी एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।

मरीजों ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर जताया संतोष

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधा संवाद किया। अस्पताल में मिल रही दवाओं और सुविधाओं के बारे में पूछने पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। आंकड़ों के मुताबिक, डीएम के पहुंचने तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की ओपीडी (OPD) में 11 मरीजों को परामर्श दी गई थी। इसी तरह 04 मरीजों की जांचें और 03 बच्चों का टीकाकरण हो चुका था।


#कानपुर न्यूज़, #डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, #स्वास्थ्य विभाग कानपुर, #औचक निरीक्षण, #आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय, #कल्याणपुर PHC, #वेतन कटौती।

Post a Comment

0 Comments