UP Holiday News: यूपी में मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित, शासन ने बदला आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। अब 14 जनवरी के बजाय 15 जनवरी 2026 को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। आदेश की विस्तृत जानकारी यहाँ पढ़ें।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर घोषित अवकाश की तिथि में बड़ा बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी नवीनतम आदेश के अनुसार, अब प्रदेश में 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इससे पहले यह अवकाश 14 जनवरी को निर्धारित था।

शासन ने जारी किया आदेश

सामान्य प्रशासन अनुभाग के प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंग राव द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व में घोषित अवकाश की सूची में आंशिक संशोधन किया गया है। विज्ञप्ति संख्या-56/तीन-2026 के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि मकर संक्रांति के अवसर पर पूर्व घोषित 'निर्बन्धित अवकाश' (Restricted Holiday) को अब 'सार्वजनिक अवकाश' (Public Holiday) में बदल दिया गया है।

नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत छुट्टी

शासन के निर्णय के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881 के अधीन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसका अर्थ है कि इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ बैंक, स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे।

क्यों हुआ बदलाव

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन स्तर पर सम्यक विचारोपरांत मकर संक्रांति के त्योहार की महत्ता और तिथि को देखते हुए 14 जनवरी (बुधवार) के स्थान पर 15 जनवरी (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

अहम बिंदु 

पुरानी तिथि : 14 जनवरी 2026 (बुधवार)

नई तिथि : 15 जनवरी 2026 (गुरुवार)

अवकाश का प्रकार : सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday)

प्रभावी क्षेत्र : संपूर्ण उत्तर प्रदेश

इस आदेश की प्रतिलिपि सभी जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों, रजिस्ट्रार हाई कोर्ट इलाहाबाद और भारतीय रिजर्व बैंक सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

Post a Comment

0 Comments