Lohiya Institute Lucknow नई कैथ लैब से हृदय रोगियों के इलाज का इंतजार होगा खत्म: ब्रजेश पाठक

डिप्टी सीएम ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में तीसरी कैथ लैब का किया उदघाटन 

कैथ लैब का शुभारंभ करते डिप्टी सीएम बृजेश पाठक।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में हृदय रोगियों को अब अपने इलाज के लिए इंतजार नहीं करना होगा। रोगियों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए नई कैथ लैब उपयोगी साबित होगी। इमरजेंसी रोगियों की लैब में जांच व इलाज हो सकेगा। यह बातें शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहीं। शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोहिया संस्थान में नई कैथ लैब का उदघाटन किया। 

कैथ लैब के बारे में जानकारी देते डिप्टी सीएम बृजेश पाठक।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। अस्पताल व मेडिकल संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों से संस्थानों में मरीजों के इलाज को रफ्तार दी जा रही है। अब राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

कैथ लैब का निरीक्षण करते डिप्टी सीएम।
उन्होंने कहा कि लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रोगियों को आधुनिक उपचार मुहैया कराने में अहम भूमिका अदा कर रहा है। कम समय में संस्थान ने काफी तरक्की की है। यहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही है। किडनी ट्रांसप्लांट भी हो रहा है। न्यूरो साइंस सेंटर में रोगियों को आधुनिक चिकित्सा उपचार मिल रहा है। 

मरीजों का अभिवादन स्वीकार करते डिप्टी सीएम।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभी संस्थान के कॉर्डियोलॉजी विभाग में दो कैथ लैब हैं। तीसरी लैब स्थापित होने से रोगियों को जांच व उपचार और तेजी से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन लगभग 20 एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर से संबंधित उपचार किए जा रहे हैं। जो अब बढ़कर प्रतिदिन लगभग 30 से अधिक हो जाएंगे। इससे गंभीर हृदय रोगियों को शीघ्र, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध हो सकेगा। कार्डियोलॉजी सेवाओं पर बढ़ते भरोसे और आवश्यकता को आँकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। 

प्रतिदिन 300 मरीज ओपीडी में हैं आते

कार्डियोलॉजी ओपीडी में परामर्श के लिए प्रतिदिन 300 मरीज आते हैं। वार्षिक रूप से लगभग 50,000 ओपीडी परामर्श और करीब 8,000 भर्ती कार्डियोलॉजी विभाग में हो रही हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एक और नए कैथ लैब की खरीद प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके बाद संस्थान में चार कैथ लैब होंगी। इसके साथ ही इस वर्ष कार्डियोलॉजी विभाग को नवीनतम और अत्याधुनिक तकनीकों से पूर्णतः सुसज्जित किया जा रहा है। जिसमें एक उच्च स्तरीय एडवांस्ड इकोकार्डियोग्राफी मशीन, दो उन्नत पोर्टेबल इको मशीनें, टीएमटी (ट्रेडमिल टेस्ट) सुविधा तथा आईवस जैसी आधुनिक तकनीकें शामिल हैं।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह, सीएमएस डॉ. विक्रम सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह, मातृ शिशु रेफरल हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीकेश सिंह, कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी, रजिस्टार डॉ. सुब्रत चन्द्रा, डॉ. आशीष झा और डॉ. सुदर्शन कुमार विजय, डॉ. नवीन जामवाल, डॉ. सूर्या प्रकाश, डॉ. शिखर गर्ग, डॉ. दानिश खान, समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

मरीजों से बातचीत करते डिप्टी सीएम बृजेश पाठक।


रोगियों से लिया फीड बैक

कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम ने मॉनिटरिंग रूम का जायजा लिया। साथ ही रोगियों से बात की। परिजनों से भी उपचार संबंधी जानकारी हासिल की। उपचार के दौरान आने वाली दुश्वारियों का फीड बैक भी लिया।

Post a Comment

0 Comments