BJP सांसद मनोज तिवारी के घर लाखों की चोरी; पूर्व कर्मचारी ने डुप्लीकेट चाबी से उड़ाए पैसे, CCTV ने खोला राज

BJP MP Manoj Tiwari Mumbai House Theft: Former Employee Arrested for Stealing 5.40 Lakhs

भाजपा सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में 5.40 लाख की चोरी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार शर्मा गिरफ्तार। जानें पूरी घटना।

सांसद व भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी। फाइल फोटो 

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मुंबई 

दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में लाखों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ताज्जुब की बात यह है कि इस चोरी को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनके एक पूर्व कर्मचारी ने ही अंजाम दिया। मुंबई की अंबोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण: अंधेरी स्थित फ्लैट को बनाया निशाना

यह वारदात मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) स्थित शास्त्रीनगर इलाके की है। यहां 'सुंदरबन अपार्टमेंट' में मनोज तिवारी का आवास है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है। सुरेंद्र पहले मनोज तिवारी के यहाँ काम करता था, लेकिन करीब दो साल पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

दो बार में हुई 5.40 लाख की चोरी

मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय, जो पिछले 20 वर्षों से उनके साथ हैं, ने पुलिस को बताया कि चोरी दो किस्तों में हुई।

जून 2025 : पहली बार बेडरूम की अलमारी (कपाट) से 4.40 लाख रुपये गायब हुए थे। उस वक्त चोर का सुराग नहीं लग पाया था।

जनवरी 2026 : शक होने पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे, आरोपी एक बार फिर चोरी करने पहुँचा और इस बार उसने 1 लाख रुपये पर हाथ साफ किया।

CCTV अलर्ट से पकड़ा गया चोर

मैनेजर के मोबाइल पर सीसीटीवी का 'मोशन अलर्ट' आने के बाद पूरा सच सामने आ गया। फुटेज में देखा गया कि सुरेंद्रकुमार के पास घर, बेडरूम और अलमारी की नकली (डुप्लीकेट) चाबियां थीं। वह बड़ी आसानी से घर में दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिसिया कार्रवाई और गिरफ्तारी

मैनेजर की शिकायत पर अंबोली पुलिस ने मामला दर्ज किया और फुटेज के आधार पर सुरेंद्रकुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और मामले की आगे की जांच कर रही है।

#Manoj Tiwari, #BJP MP, #Mumbai Theft Case, #Amboli Police, #Surendra kumar Sharma, #Manoj Tiwari Manager Pramod Pandey, #Bollywood News Hindi.

Post a Comment

0 Comments