Odisha : UP की अनु गर्ग संभालेंगी ओडिशा की कमान, बनेंगी प्रदेश की पहली महिला चीफ सेक्रेटरी


ओडिशा सरकार ने वर्तमान में विकास आयुक्त के रूप में कार्यरत अनु गर्ग को प्रदेश की नई मुख्य सचिव नियुक्त करने की घोषणा की है।


आईएएस अनु गर्ग।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, भुवनेश्वर


ओडिशा को अपनी पहली महिला मुख्य सचिव मिलने जा रही हैं। अनु गर्ग प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव बनेंगी।ओडिशा सरकार ने वर्तमान में विकास आयुक्त के रूप में कार्यरत अनु गर्ग को नई मुख्य सचिव नियुक्त करने की घोषणा की है। उनकी नई नियुक्ति के संबंध में प्रदेश के लोक प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। वह पहली जनवरी 2026 से कार्य भार संभालेंगी।


आईएएस अनु की नियुक्ति का आदेश।


प्रदेश में वर्तमान समय में मनोज आहूजा मुख्य सचिव का पदभार संभाल रहे हैं, उनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। अनु गर्ग नए साल (1 जनवरी 2026) से मुख्य सचिव के रूप में अपना कार्यभार संभालेंगी। वर्तमान में, वह राज्य विकास आयुक्त के साथ-साथ जल संसाधन विभाग और योजना एवं समन्वय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रही हैं।



आईएएस अधिकारी अनु गर्ग ओडिशा कैडर की वर्ष 1991 बैच की आईएएस (IAS) अधिकारी हैं। अनु के पास सरकारी क्षेत्र में 34 वर्षों का लंबा अनुभव है। विकास आयुक्त बनने से पहले, उन्होंने ओडिशा सरकार के श्रम और ईएसआई (ESI) विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रधान सचिव के रूप में कार्य किया है।



आईएएस (IAS) अधिकारी अनु ने भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में भी कई महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। वे परिवहन मंत्रालय में संयुक्त सचिव, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर रहीं हैं।



इसके अतिरिक्त, उन्होंने वर्ष 2008 से वर्ष 2012 तक ओडिशा सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कमिश्नर-कम-सेक्रेटरी के रूप में अपनी सेवाएं दीं हैं। वर्ष 1992 से वर्ष 2003 के दौरान, अनु ने ओडिशा के विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर, एडिशनल कलेक्टर, जिला कलेक्टर और विभिन्न विभागों के निदेशक व प्रशासनिक सचिव के रूप में कार्य किया है।


अनु गर्ग के बारे में जानें 


आईएएस अधिकारी अनु गर्ग का जन्म 1 मार्च 1969 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुआ था। उन्होंने नई दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज से मनोविज्ञान में बीए और लखनऊ विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में एमए किया है। उन्होंने वर्ष 2007 में अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ की डिग्री भी हासिल की।



वह भारत सरकार के योजना आयोग द्वारा स्थापित सार्वजनिक स्वास्थ्य कवरेज पर उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समूह (HLEG) की सदस्य भी रही हैं। अनु के नेतृत्व में ही, ओडिशा को वर्ष 2023 में सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में 'राष्ट्रीय जल पुरस्कार' प्राप्त हुआ था। वहीं, राज्य ने वर्ष 2022 में दूसरा स्थान हासिल किया था। वर्ष 2010 में, उन्हें कोरिया डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट से 'पार्टनर कजेनियलिटी अवार्ड' मिला था।



उन्हें वर्ष 2006-07 में 'फोगार्टी एड्स इंटरनेशनल ट्रेनिंग एंड रिसर्च प्रोग्राम फेलोशिप' और जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता के लिए 'जॉन सी. ह्यूम स्कॉलरशिप' से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर कई प्रसिद्ध पत्रिकाओं (जर्नल्स) में अनेक लेख भी प्रकाशित किए हैं।

Post a Comment

0 Comments