Indigo flight Crisis : घरेलू उड़ानों पर फेयर कैप लागू

आदेश के बाद अब कोई भी एयरलाइंस निर्धारित सीमा से अधिक किराया नहीं ले सकेगी


फोटो सौजन्य इंटरनेट।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, नई दिल्ली 


इंडिगो एयरलाइंस फ्लाइट संकट (Indigo airlines flight crisis) के बाद देश में कई उड़ानों के रद होने और क्षमता कम पड़ने से अचानक बढ़े हवाई यात्रा के किरायों पर अब सरकार ने सख्ती दिखाते हुए घरेलू उड़ानों पर अधिकतम किराया सीमा (फेयर कैप) लागू कर दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सार्वजनिक हित में यह आदेश जारी करते हुए कहा कि कोई भी एयरलाइंस निर्धारित सीमा से अधिक किराया नहीं ले सकेगी।


नई किराया सीमा (फेयर कैप)


500 किलोमीटर तक की उड़ान : अधिकतम किराया 7,500 रुपये।


500 से 1000 किलोमीटर दूरी : अधिकतम किराया 12,000 रुपये।


1000 से 1500 किलोमीटर दूरी : अधिकतम किराया 15,000 रुपये।


1500 किलोमीटर से अधिक दूरी : अधिकतम किराया 18,000 रुपये।


ये किराया सीमा उपयोगकर्ता विकास शुल्क (UDF), यात्री सेवा शुल्क (PSF) और टैक्स को छोड़कर है। बिजनेस क्लास और उड़ान योजना (UDAN) वाली उड़ानों पर यह सीमा लागू नहीं होगी।


मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश एयरलाइंस वेबसाइट, ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों और सभी बुकिंग विकल्पों पर लागू होगा। कोई भी प्लेटफॉर्म इससे अलग नहीं होगा। सरकार ने कहा है कि ये किराया सीमाएं तब तक लागू रहेंगी, जब तक किरायों में स्थिरता नहीं आ जाती या आगे की समीक्षा नहीं होती है।


क्यों लागू की किराया सीमा


इंडिगो के संचालन संकट से कई उड़ानें रद हुईं हैं, जिससे कई मार्गों पर क्षमता कम पड़ गई और किराया अचानक बहुत बढ़ गया। ऐसे में सरकार ने इसे सार्वजनिक हित का मामला मानते हुए तत्काल नियंत्रण करने का आदेश जारी किया है।

Post a Comment

0 Comments