Delhi: इंडिगो की देशभर में 550 से अधिक उड़ानें रद, लाखों यात्री फंसे

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में संकट, देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों पर हाहाकार 


दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे में बड़ी संख्या में लोग फंसे

एयरपोर्ट पर जानकारी के लिए जुटे यात्री।

प्रारब्ध न्यूज डेस्क





भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में संकट के चलते 550 से अधिक उड़ानें रद कर दी गईं हैं। इसके चलते देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों पर हाहाकार मचा हुआ है। लाखों की संख्या में यात्री फंसे हुए हैं। वहीं, बड़ी संख्या में यात्री बिना भोजन और पानी के अपने सामानों का 

इंतजार कर रहे हैं। हवाई अड्डों पर यात्रियों के बैगों के ढ़ेर लगे हुए हैं। वहीं, एयरलाइंस का स्टाफ भी काउंटरों से अनुपस्थित है। कोई कुछ बताने के लिए तैयार नहीं है, यात्री अपने परिवार व छोटे बच्चों के साथ बेहाल हैं। वहीं, नागर उड्डयन मंत्री राज्यमंत्री का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस के सीईओ का कहना है कि 10 से 15 दिसंबर तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।




दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस की सभी उड़ानों का प्रस्थान रुक गए हैं। इसी तरह से मुंबई में 118 उड़ान रद की गईं हैं। वहीं, बेंगलुरु में 73 और कोलकाता एयरपोर्ट में 19 उड़ानें रद की गईं हैं। इससे पहले नवंबर माह में कुल 1,232 उड़ानें रद् हुई थीं। बताया जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस में 62 प्रतिशत क्रू शॉर्टेज के कारण उड़ानें रद हुईं हैं। पुणे, हैदराबाद और कोलकाता एयरपोर्ट में 10-14 घंटे से यात्री फंसे हुए हैं। हवाई अड्डों पर बैगों के ढेर लगे हुए हैं।




वहीं, सरकार ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) नियमों से राहत दे दी है। इसके बावजूद एयरलाइन कंपनी लगातार चौथे दिन शुक्रवार को क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझती नजर आई। इसके कारण शुक्रवार को दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद हो गई हैं।




एयरपोर्ट पर हालात बदतर हैं। यात्रियों को फ्लाइट्स की जानकारी नहीं मिल पा रही है। पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए लोग स्टाफ से झगड़ते देखे गए। कई जगह मारपीट के हालात बन गए हैं। कई एयरपोर्ट्स पर लोग 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। सीढ़ियों और कुर्सियों पर बैठकर रात गुजारने को मजबूर हैं।


Post a Comment

0 Comments