Bank Employees Agitation in Lucknow: अब पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर सड़क पर उतरे बैंककर्मी

बैंक कर्मियों ने किया विशाल प्रदर्शन, महामंत्री ने कहा लंबे संघर्ष और हड़ताल के लिए तैयार रहें बैंककर्मी


सभा में बैंक कर्मचारियों को संबोधित करते नेता।


अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 



यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले मंगलवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों ने केंद्र सरकार द्वारा "पांच दिवसीय बैंकिंग" लागू न करने के विरोध में हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक की शाखा के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और उसके बाद सभा भी की। फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि इस मुद्दे पर फोरम ने अखिल भारतीय आंदोलन प्रारंभ कर दिया है। 


प्रदर्शन करतीं महिला बैंक कर्मचारी।



बैंक कर्मचारियों को संबोधित करते नेता।



नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक इम्प्लाइज यानी एनसीबीई (NCBE) के महामंत्री कामरेड डीके सिंह ने कहा कि बैंककर्मियों पर बढ़ते हुए तनाव और दबाव के चलते पांच दिवसीय बैंकिंग शीघ्र लागू होनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर बैंक कर्मी लंबे संघर्ष और हड़ताल के लिए तैयार हैं।



वहीं, कामरेड वाईके अरोड़ा, आरएन शुक्ला, मनमोहन दास, एसके संगतानी, संदीप सिंह, वीके माथुर व विशाखा वर्मा आदि बैंककर्मियों के नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई (RBI), भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी (LIC) व जनरल इंश्योरेंस आदि में पांच दिवसीय कार्य दिवस प्रणाली लागू है। ऐसे में फिर बैंक कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।



विभिन्न घटक दलों के बैंक नेताओं कामरेड एसडी मिश्रा, शकील अहमद, लक्ष्मण सिंह, बीडी पांडेय, विभाकर कुशवाहा, यूपी दुबे, मनीष कांत, ललित श्रीवास्तव आदि ने भी सभा को संबोधित किया।



वहीं, मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि केनरा बैंक के गोमती नगर स्थित आंचलिक कार्यालय, बैंक ऑफ़ इंडिया चौक शाखा, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया कपूरथला शाखा तथा सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया हजरतगंज शाखा पर बैंककर्मियों द्वारा आगामी 30 दिसंबर को संयुक्त प्रदर्शन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments