Ayodhya: गाथा श्रीराम की में समाहित है हृदय बैंड

प्रस्तुति देते हृदय बैंड के कलाकार।





प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, अयोध्या 

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के स्थापना दिवस की द्वितीय वर्षगांठ यानी प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में मोहित शेवानी व उनके समूह द्वारा 'गाथा श्री राम की' का अंगूठा मंचन किया जाएगा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए संघर्ष व बलिदान की गाथा की रोमांचकारी प्रस्तुति की जाएगी। इसे मनमोहक बनाने के लिए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का भी सहारा लिया गया है। हृदय बैंड द्वारा लगभग 75 मिनट की मंचित "गाथा श्रीराम की" एआई के माध्यम से मंचित दृश्यों को पीछे के परदे पर भी चित्रित किया जाएगा।

हृदय बैंड ऐसा बैंड है जिसने भक्ति गीतों, दोहों, मानस की चौपाइयों और छन्दों की प्रस्तुति पर कौशल प्राप्त किया है। मार्मिक दोहों के गायन से संवेदनाओं को झकझोर देने वाले हृदय बैंड की साधना इस प्रस्तुति में साफ़ दिखाई देती है। ध्वनि के नवीनतम तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स के माध्यम से प्रस्तुति में दिए जाने वाले विभिन्न साउंड इफ़ेक्ट के माध्यम से गाथा की रोचकता को एक नई दिशा मिलती है।

लेखक और गीतकार प्रबुद्ध सौरभ

बॉलीवुड लेखक एवं गीतकार प्रबुद्ध सौरभ ने इस गाथा का शोध व पटकथा लेखन किया है। इतिहास और आध्यात्म के क्षेत्र में कई शोधपरक कामों को करने के लिए विख्यात प्रबुद्ध सौरभ ने इस पटकथा में हज़ारों वर्षों के संघर्ष के सभी महत्वपूर्ण पड़ावों को उजागर किया है। कहानी के हर उतार चढ़ाव को इतनी रोचकता से लिखा गया है कि श्रोता पलक तक झपकाना नहीं चाहते।

अभिनेता और वक्ता मोहित शेवानी

मोहित शेवानी एक अभिनेता और वक्ता हैं जो पिछले एक दशक से अधिक समय में पूरी दुनिया में बतौर अभिनेता, वक्ता, सूत्रधार और संचालक के तौर पर प्रस्तुति दे चुके हैं। पूरी गाथा को रोचक, रोमांचक और संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करने का उत्तरदायित्व मोहित शेवानी पर है। मोहित अपने वाचन कौशल से संवेदना के वाक्यों पर आँसू निकलवा देने, शौर्य के वाक्यों पर भुजाएँ फड़का देने, रोचक बातों पर रोमांच करवा देने और महत्वपूर्ण बातों को याद करवा देने की क्षमता रखते हैं जो इस प्रस्तुति में समय-समय पर परिलक्षित होता है।


Post a Comment

0 Comments