UP Assembly Election : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- प्रयागराज में चलेगी हवा में उड़ने वाली बस

0

संगम नोज के निकट ही सी प्लेन उतारने के लिए बनाया जाएगा रीवर पोर्ट

केंद्रीय मंत्री की अपील, विकास की गति बरकरार रखने को भाजपा सरकार जरूरी



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, प्रयागराज


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को प्रयागराज में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रयागराज में अब हवा में उड़ने वाली बस चलाई जाएगी। साथ ही संगम नोज पर सी प्लेन का संचालन किया जाएगा। इसका डीपीआर तैयार हो रहा है। बमरौली में एयरपोर्ट है जिसका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने विस्तार कराया है। अब संगम नोज के पास ही रीवर पोर्ट बनेगा। 



गडकरी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) केशव प्रसाद मौर्य को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के झलवा चौराहे के पास आयोजित जनसभा में गडकरी ने कहा कि उनकी इच्छा दिल्ली से प्रयागराज के लिए सी प्लेन में बैठने की है। ताकि दिल्ली से सीधे संगम नोज पर उतर सकें। उनकी यह इच्छा भी जल्दी ही पूरी होने जा रही है। 



केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रयागराज में बनाई जाने वाली रिंग रोड एवं फाफामऊ में गंगा पर बनाए जा रहे सिक्स लेन एक्स्ट्रा डोज ब्रिज का काम वर्ष 2024 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन फ्यूल का इस्तेमाल भी अब बढ़ेगा। प्रदेश में गन्ना बहुतायत मात्रा में होता है, जिसकी मदद से इथेनाल बनेगा जो गाडिय़ों में डाला जाएगा। अभी जो वाहन 95 से 100 रुपये लीटर पेट्रोल से चल रहे हैं, उसमें इथेनाल का प्रयोग होने से 68 रुपये तक खर्च आ जाएगा।


नितिन गडकरी ने कहा कि मैं ऐसा मंत्री हूं जो बोलता हूं वह करके दिखाता हूं। प्रदेश में भाजपा की फिर सरकार बनाएं और विकास की गति बरकरार रखें। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार से चतुर्मुखी विकास संभव है। उत्तर प्रदेश के भविष्य की तस्वीर बदलने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूरी है। 


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में गुंडाराज था। गरीबों की संपत्ति पर कब्जा हो जाता था। योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने गुंडों-माफिया को उखाड़ फेंका और कानून व्यवस्था को स्थापित किया। प्रयागराज में सरकार ने काफी कार्य कराए हैं। पूरा शहर बदल गया है। प्रयागराज पवित्र तीर्थस्थल है। संगम से इसकी पहचान है। मगर पहले गंगा और यमुना प्रदूषित थीं। भाजपा की सरकार आई तो सबसे नमामि गंगे मंत्रालय बना। प्रयागराज में 11 हजार तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से गंगा को अविरल-निर्मल बनाने के लिए 80 परियोजनाएं स्वीकृत कराई गईं, जिसमें से 11 पूरी हो गईं।


वर्ष 2019 के दिव्य और भव्य कुंभ में गंगा निर्मल हुईं, जिसमें पूरी दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु आए और संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। प्रयागराज से वाराणसी, मीरजापुर, रीवा, कानपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, जौनपुर, चित्रकूट, बांदा आदि शहरों के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की कीमत से सड़कें बनाई गईं। विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कहा कि सपा सरकार में पांच सौ करोड़ की भी यहां पर सड़क नहीं बनाई जा सकी थी। बोले, 2024 तक यहां की सड़कें अमेरिका की तरह बन जाएंगी, बस आप सब प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाएं। सभा को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह व कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी ने भी संबोधित किया।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top