UP Assembly Election : सपा मुखिया अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल सीट के लिए आज करेंगे नामांकन

0

UP Assembly Election 2022 समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव सोमवार यानी आज कुछ देर में मैनपुरी की करहल सीट से बतौर प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने सोमवार सुबह एक ट्वीट कर जनता और कार्यकर्ताओं को संदेश भी दिया है। सपा की करहल विधानसभा सीट रंपरागत सीट है। यहां का प्रतिनिधित्व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी कर चुके हैं। यह सैफई से नजदीक भी है।





राज कृष्ण पांडेय, मैनपुरी


समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के 18वीं विधानसभा गठन के लिए पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल में आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सैफई से अपना रथ लेकर सुबह निकल चुके हैं। सैफई से करहल होते हुए मैनपुरी पहुंचेंगे। इस मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ कार्यकर्ता व समर्थक उनके स्वागत के लिए सुबह से तैयार खड़े हैं। स्वागत कर रहे समर्थकों का अखिलेश यादव अपने रथ से ही हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ़ रहे थे।




समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह एक ट्वीट भी किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पहली बार करहल से विधानसभा का चुनाव लडऩे के निर्णय के बाद से ही मैनपुरी में सियासी माहौल गरमा गया है। मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप उनके चुनाव का संचालन कर रहे हैं, जबकि मैनपुरी से सांसद समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की निगाह भी यहां लगी है।


समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को सैफई से चलकर मैनपुरी कलक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन करेंगे। अखिलेश यादव के आने से सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, जिला प्रशासन भी इसे लेकर अलर्ट है।


अखिलेश यादव सैफई से करहल होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। वह चार सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान उनके साथ पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव और सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव मौजूद रहेंगे। अखिलेश यादव के साथ ही मैनपुरी की दो अन्य सीटों से भी सपा प्रत्याशी भी नामांकन करेंगे। 


भोगांव सीट से आलोक शाक्य नामांकन करेंगे। इसी तरह किशनी सीट से बृजेश कठेरिया नामांकन करेंगे। मैनपुरी सदर सीट से सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव शुक्रवार को ही नामांकन कर चुके हैं। मैनपुरी के करहल में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है।



अखिलेश यादव तीन बार सांसद रहने के साथ विधान परिषद के सदस्य भी रहे हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश ने 2012 के उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व किया। उनकी पार्टी को राज्य में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद, 15 मार्च 2012 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top