Uttar Pradesh Congress; Priyank Gandhi in Barabanki : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में प्रियंका गांधी ने खेत में महिलाओं के साथ खाया खाना, कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाएं बताईं

0

  • प्रतिज्ञा रथ को हरी झंडी दिखाई, प्रियंका गांधी बोलीं- उत्तर प्रदेश में कांग्रेस आई तो बिजली बिल आधा कर्ज होगा माफ



अरुण कुमार 'टीटू', बाराबंकी


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूरे फार्म में आ गईं हैं। शनिवार को प्रियंका ने बाराबंकी से प्रतिज्ञा रथ को हरी झंडी दिखाई। उस दौरान सात बड़े ऐलान करके प्रियंका ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। उन्होंने कहा कि यूपी में महिलाओं के राजनीति में आए बगैर उनकी समस्याएं दूर होने वाली नहीं हैं। इसलिए कांग्रेस महिलाओं की 40 फीसदी भागेदारी के लिए टिकट देगी।




कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने बाराबंकी से शनिवार को बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेला, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। प्रियंका ने प्रतिज्ञा रथ को रवाना करने के साथ सात प्रतिज्ञाएं भी ली हैं। उन्हें वह अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल करेंगी। उन्होंने पूर्वांचल के गेट कहे जाने वाले बाराबंकी से प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उसके बाद वह बाराबंकी के हरख चौराहा पर पहुंचीं, यहां उन्होंने कहा कि मैं यहां कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाएं बताने आई हूं।


महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र





प्रियंका ने कहा कि सरकार आने पर महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र जारी करेंगे। सरकार बनने पर 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन और स्नातक छात्राओं को स्कूटी देंगे। हम किसानों के सारे कर्ज माफ करेंगे। हमने पहले 72 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ करके दिखाया है। प्रियंका ने कहा कि किसान आज त्रस्त हैं। मोदी सरकार के मंत्री के बेटे ने किसानों को मार दिया। सरकार ने आज तक मंत्री को नहीं हटाया। हम आज की यात्रा के जरिए लोगों तक अपनी प्रतिज्ञा पहुंचाने का काम करेंगे।


20 लाख बेरोजगारों को मिलेगा काम


प्रियंका ने किसानों का पूरा कर्ज माफ करने का एेलान किया। कहा, कांग्रेस सरकार आई तो धान और गेहूं की सरकारी खरीद 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल की जाएगी। किसानों के लिए गन्ना मूल्य बढ़ाकर 4 सौ रुपये करेंगे। बिजली बिल आधा करने की घोषणा की। कोरोना काल के बकाए को खत्म करने का एेलान किया। कोरोना में आई आर्थिक मार के चलते पीड़ित परिवारों को 25 हजार रुपये देने का एेलान किया। बेरोजगारों के लिए भी उन्होंने बड़ी घोषणा की। कांग्रेस की सरकार आई तो 20 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा।


खेतों में जाकर महिलाओं से मिलीं





प्रियंका बाराबंकी में खेतो में काम कर रहीं महिलाओं के पास जाकर उनके मिलीं। इस दौरान प्रियंका ने महिलाओं को कांग्रेस की योजनाओं के बारे में बताया। प्रियंका ने कहा कि मैं आपकी समस्याओं को जानने के लिए आपके पास आई हूं। इतना ही नहीं प्रियंका ने खेत में ही महिलाओं के साथ खाना भी खाया। प्रियंका ने आलू के पराठे, गुड़ और सालाद भी उनके साथ खाया।


कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाएं


  • टिकटों में महिलाओं की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी।
  • छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी मिलेगी।
  • किसानों का पूरा कर्जा किया जाएगा माफ।
  • 2500 रुपये में गेहूं-धान व 400 रुपये में गन्ना खरीद।
  • बिजली बिल होगा आधा, कोरोना काल का बकाया साफ।
  • कोरोना की आर्थिक मार होगी दूर, मिलेंगे 25 हजार रुपये।
  • बेरोजगारों का रखेंगे ध्यान, 20 लाख को सरकारी रोजगार।



वाराणसी में नहीं मिली अनुमति, सहारनपुर में रवाना



कांग्रेस चार प्रतिज्ञा यात्राएं निकालेगी। पहले चरण में बाराबंकी और सहारनपुर से यात्राएं शुरू की जा चुकी हैं। वाराणसी में अभी तक यात्रा की अनुमति नहीं मिली है। वाराणसी से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी टाउनहाल से सांकेतिक यात्रा निकालेंगे। चौथा चरण दीपावली पर शुरू किया जाएगा।


प्रतिज्ञा यात्राओं के ये हैं रूट



पहला रूट (बाराबंकी-बुंदेलखंड)


यात्रा का पहला रूट बाराबंकी से शुरू होकर झांसी तक होगा। इसमें लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन जिले शामिल हैं। इस रूट का नेतृत्व पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और मीडिया विभाग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार नसीमुद्दीन सिद्दीकी कर रहे हैं।



दूसरा रूट (वाराणसी से अवध)


यह रूट वाराणसी से शुरू होकर रायबरेली तक जाएगा। इसमें चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ, अमेठी जिले शामिल हैं। इस रूट का नेतृत्व पूर्व सांसद राजेश मिश्र, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व विधायक नदीम जावेद कर रहे हैं।



तीसरा रूट (पश्चिम जोन)


सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा में समाप्त होगी। इसमें मुजफ्फरनगर, बिजनैर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, हाथरस, आगरा जिले शामिल हैं। इसका नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद एवं लखनऊ से कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णन कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top