प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, सम्भल
जिले के दीपा सराय में सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के आवास पर गुरुवार को आए समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि बंगाल का चुनाव देश की दशा और दिशा तय करेगा। भाजपा ने वहां सभी प्रयास कर लिए हैं। लेकिन, वहां उनकी सरकार नहीं बनने वाली है। देश की सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं और फिर से बंगाल की सीएम बनेंगी। भाजपा को बंगाल में करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन पर हुए हमले की जांच कराई जानी चाहिए।
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी पर हमला देश की अस्मिता पर हमला है। इस हमले की जांच होनी चाहिए और जो भी इसके पीछे है, उसे सजा जरूर मिले। उत्तर प्रदेश को लेकर कहा कि यूपी का चुनाव अहम है। भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादा को छिन्न-भिन्न कर दिया है। संविधान से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। इसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
आने वाले समय में भाजपा को इसका हिसाब देना होगा। प्रदेश के चुनाव में समाजवादी पार्टी सभी छोटे दलों से बात करेगी और गठबंधन करेगी। इस गठबंधन के ही सहारे सपा अगले चुनाव में भाजपा को जोरदार टक्कर देगी।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know