Politics : सपा मुखिया अखिलेश बोले-किसानों के देश में फैसले भी किसान हित में ले भाजपा

0

  • किसानों की बात मानी जाए, तीनों काले कानून तत्काल वापस लिए जाएं
  • विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर समाजवादी पार्टी जीतेगी 350 सीटें
  • पूर्व मुख्यमंत्री ने कंपिल में जैन मंदिर और द्रोपदी कुंड के किए दर्शन

फर्रुखाबाद के कंपिल स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में बातचीत करते अखिलेश यादव। 

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, फर्रुखाबाद


भारत को बनाने वाला किसान हैं, यह किसानों का देश है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को किसानों के हित में फैसले करने चाहिए। इस समय पूरा देश गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटा है, जबकि देश के अन्नदाता (किसान) अपनी बात मनवाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। यह अच्छा मौका है भाजपा सरकार तीनों काले कानून वापस लेने का ऐलान कर सकती है। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को कंपिल में जैन मंदिर और द्रोपदी कुंड का दर्शन करने आए थे।


फर्रुखाबाद के कंपिल स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में अखिलेश यादव।

उन्होंने कहा कि यह वही भाजपा है जो कहती थी कि किसान की आय दो गुनी करेंगे। आय दोगुनी तो हुई नहीं, बल्कि किसान बर्बाद हो गया है। धान की कोई कीमत नहीं मिली। जितनी भी किसान की जरूरत की चीजें थीं, वह सब महंगी हो गईं हैं। डीजल-पेट्रोल महंगा हो गया। पहले तो भाजपा वाले देश को दूसरे देशों से खतरा बताते थे, लेकिन अब तो उन्हें किसानों की ट्राली से डर लगने लगा है। किसान ट्राली लेकर डीजल भरवाने नहीं जा सकता है। किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर जाता है तो पुलिस पहले से ही उस पकड़ने के लिए तैयार बैठी रहती है। इसलिए भाजपा सरकार वही करे जो जो किसान चाहते हैं। फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिलने वाला बिल आगामी सत्र में पेश करे।



उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अकेले दम पर वर्ष 2022 में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा के खिलाफ जनता में जिस प्रकार नाराजगी है, उससे सपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी। कई जिलों में देखा है, चाहे वह बुंदेलखंड हो या फिर नेपाल से जुड़े हुए जिले हों। फर्रुखाबाद समाजवादियों की धरा है और डॉ. राममनोहर लोहिया की कर्मस्थली भी। यहां सपा का कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर हो रहा है। जब कार्यकर्ता यहां से निकलेंगे तो फर्रुखाबाद, कन्नौज ही नहीं आसपास के जिलों में सपा सभी सीटें जीतेगी। भाजपा झूठ के सहारे 324 सीटें जीत सकती है तो सपा विकास, समाजवादी विचारधारा के सहारे 350 सीटें जरूर जीतेगी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) से समझौते के मुद्दे पर सपा मुखिया बोले- वह पहले ही कह चुके हैं कि छोटे दलों के लिए रास्ते खुले हैं। 


फर्रुखाबाद के कंपिल स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में पूजन करते अखिलेश यादव।

इस दौरान उन्होंने जैन श्वेतांबर मंदिर में भगवान विमलनाथ के दर्शन किए और ट्रस्ट के मंत्री पुखराज डागा से मंदिर के बारे में जानकारी ली। उनके घर जाकर भगवान गणेश की वंदना की। कंपिल चेयरमैन उदयपाल यादव के साथ ऐतिहासिक द्रोपदी कुंड गए और वहां परिक्रमा कर पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक नगरी है। यहां भगवान श्रीकृष्ण भी आए थे। भगवान विमलनाथ से आशीर्वाद लेने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) भी आए थे। सपा की सरकार बनने पर पुरानी धरोहरों को विकसित किया जाएगा और उन्हें पुराना स्वरूप दिलाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top