संजीत अपहरण व हत्याकांड : अखिलेश यादव बोले- कोविड का प्रभाव कम होते ही मिलने आएंगे

  • दिवंगत संजीत यादव की बहन रुचि से फोन पर बात की, जाना हाल
  • रुचि बोली, भईया हमारी मदद करने वालों को भी पुलिस धमका रही

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर

संजीत अपहरण एवं हत्याकांड पुलिस के लिए गले की फांस बन चुका है। रोजना कुछ न घटनाक्रम हो रहा है। संजीत यादव की बहन रुचि से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से बात की। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि कोविड का प्रभाव कम होते ही वह स्वजनों से मिलने आएंगे। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर उनके साथ खड़े हैं। आखिरी दम तक उनकी लड़ाई लड़ेंगे।

बुधवार दोपहर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सम्राट यादव दिवंगत संजीत के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपने मोबाइल से व्हाट्सएप के माध्यम से अखिलेश यादव की बात रुचि से कराई। रुचि ने रोते हुए बताया कि भईया हमारे साथ पुलिस बहुत गलत कर रही है। हमारा साथ देने वालों को पुलिस ने परेशान करना शुरू कर दिया है। ताकि वह हमारा साथ न दे पाएं। रुचि ने कहा कि पुलिस लोगों को फर्जी मुकदमा लिखकर जेल भेजने की धमकी दे रही है। इसके बाद रुचि ने शास्त्री चौक पर धरने के दौरान पुलिस द्वारा की गई बर्बरता के बारे में जानकारी दी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि हमने आपके साथ हुई घटना का वीडियो देखा है। एक युवती के साथ इस तरह का बर्ताव बिल्कुल ठीक नहीं, पुलिस निरंकुश हो चुकी है।


अखिलेश यादव बनाए हुए हैं नजर


संजीत यादव हत्याकांड में फिरौती की रकम देने के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार मामले पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर पुलिस कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने संजीत के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी की है। 

Post a Comment

0 Comments