यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) से पर्यावरण और अर्थव्यवस्था सुधरेगी। CBG, वेस्ट-टू-एनर्जी से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, ग्रेटर नोएडा/लखनऊ
उत्तर प्रदेश के शहरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) पर विशेष जोर दे रही है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित चौथे 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' के दौरान नगर विकास विभाग द्वारा आयोजित सेमिनार में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल साफ-सफाई तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह शहरों के जनस्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से सीधा जुड़ा हुआ है।
स्वच्छ भारत अभियान अब आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट की ओर
नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'स्वच्छ भारत अभियान' ने देश भर में स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप दिया है। अब उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस जन आंदोलन को अधिक वैज्ञानिक, तकनीक-आधारित और स्थायी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग के साथ-साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
वेस्ट मैनेजमेंट बना 'बिजनेस अपॉर्चुनिटी', पैदा होंगे रोजगार
मंत्री एके शर्मा ने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और प्रेरणास्थल का उदाहरण देते हुए कहा कि शहरों से प्रतिदिन निकलने वाले विशाल कचरे को यदि वैज्ञानिक ढंग से प्रोसेस किया जाए, तो यह समस्या के बजाय एक बड़ा अवसर बन सकता है।
उन्होंने बताया कि कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), वेस्ट-टू-एनर्जी (Energy generation from waste) और बायोफ्यूल के माध्यम से कचरे का पुनर्चक्रण (Recycling) संभव है।
रिसाइक्लिंग और री-प्रोसेसिंग के क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे शहरों की 'क्वालिटी ऑफ लाइफ' (जीवन की गुणवत्ता) में व्यापक सुधार आएगा।
प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वायु में यूपी का परचम
ठोस अपशिष्ट के उचित निस्तारण का सीधा प्रभाव वायु गुणवत्ता और पर्यावरण पर पड़ता है। खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगने से वायु प्रदूषण में कमी आती है। मंत्री ने जानकारी दी कि 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण' में उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और राज्य के सफाई मित्रों व अधिकारियों के कठिन परिश्रम को दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगर विकास विभाग के सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा ने मंत्री एके शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे मंचों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के नगरीय निकायों को वैश्विक स्तर की आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि वीके चौरसिया सहित देश-विदेश से आए प्रतिनिधि और विषय-विशेषज्ञ उपस्थित रहे।



0 Comments
if you have any doubt,pl let me know