UP IAS Resignation : आईएएस अफसर जो 7 गोलियां खाकर भी नहीं झुके, अब दिया इस्तीफा; बोले- 'वेतन मिल रहा, काम नहीं'

यूपी कैडर के 2021 बैच के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने सेवा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'समानांतर सिस्टम' के कारण उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा था। जानिए पूरी कहानी।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित और विवादों में रहने वाले 2021 बैच के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही (IAS Rinku Singh Rahi) ने अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दे दिया है। मंगलवार को राजस्व परिषद के अध्यक्ष को भेजे गए अपने त्यागपत्र में उन्होंने सिस्टम पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

'समानांतर व्यवस्था' का आरोप

रिंकू सिंह राही ने अपने इस्तीफे को एक 'नैतिक फैसला' बताया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग ही सिस्टम चल रहा है। उन्होंने दर्द साझा करते हुए कहा कि "मुझे सरकार से वेतन तो मिल रहा था, लेकिन जनसेवा करने का वास्तविक अवसर नहीं दिया जा रहा था।"

विवादों और तबादलों का रहा है नाता

रिंकू सिंह को करीब 8 महीने पहले शाहजहांपुर से हटाकर राजस्व परिषद (Board of Revenue) भेजा गया था। तब से वे 'वेटिंग' में थे और उन्हें कोई फील्ड पोस्टिंग नहीं मिली थी।

क्या था शाहजहांपुर का विवाद

शाहजहांपुर के पुवायां तहसील में एसडीएम रहने के दौरान रिंकू सिंह तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने खुले में शौच करने पर एक मुंशी से उठक-बैठक कराई थी। वकीलों के भारी विरोध के बाद उन्होंने खुद भी उठक-बैठक लगाकर माफी मांगी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसी घटना के बाद उनका तबादला कर दिया गया था।

संघर्षों से भरा रहा है करियर

रिंकू सिंह राही की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। 44 वर्षीय रिंकू ने पीसीएस से प्रमोट होकर आईएएस का सफर तय किया था।

2009 का जानलेवा हमला : बसपा शासनकाल के दौरान 26 मार्च 2009 को मुजफ्फरनगर में उन पर जानलेवा हमला हुआ था।

7 गोलियां झेलीं : भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर उन पर फायरिंग की गई थी, जिसमें उन्हें 7 गोलियां लगी थीं।

चेहरा हुआ खराब : दो गोलियां उनके चेहरे पर लगी थीं, जिससे उनका जबड़ा और चेहरा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

अभी बची थी 16 साल की सर्विस

2021 बैच के इस आईएएस अधिकारी की अभी 16 साल की सेवा शेष थी, लेकिन सिस्टम से नाराजगी और काम न मिलने की शिकायत के चलते उन्होंने समय से पहले ही पद छोड़ने का निर्णय लिया है। फिलहाल शासन की ओर से उनके इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

#IASRinkuSingh #UPNews #IASResignation.

Post a Comment

0 Comments