UP Weather Alert यूपी में मौसम का यू-टर्न: 29 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और 60kmph की रफ्तार से चलेगी हवाएं

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 29 मार्च से 1 अप्रैल तक मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। पढ़ें विस्तृत रिपोर्ट।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ

उत्तर प्रदेश में गर्मी की दस्तक के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ (IMD) ने प्रदेश में 'येलो वार्निंग' जारी करते हुए 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच व्यापक बदलाव की संभावना जताई है। मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में उत्तरी ईरान के पास सक्रिय एक चक्रवाती परिसंचरण (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

पश्चिमी यूपी में कल से शुरू होगा असर

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 29 मार्च की देर शाम या रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का नया दौर शुरू होगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

30 और 31 मार्च को रहेगा सर्वाधिक प्रभाव

30 मार्च को इस विक्षोभ की तीव्रता अपने उच्चतम स्तर पर होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, 30 और 31 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना व्यक्त की गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 29 मार्च तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी जाएगी, लेकिन 31 मार्च तक बारिश के प्रभाव से तापमान में फिर से इतनी ही गिरावट दर्ज की जा सकती है। 1 अप्रैल के बाद धीरे-धीरे मौसम फिर से सामान्य होने लगेगा, हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा जारी रह सकती है।

मौसम संबंधी चेतावनी (29 मार्च - 1 अप्रैल)

29 मार्च : पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी/घंटा की हवाएं।

30 मार्च : पूरे प्रदेश में असर; पश्चिमी यूपी में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं और बारिश।

31 मार्च : पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी।

1 अप्रैल : पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क होगा, लेकिन पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बौछारें जारी रह सकती हैं।

कमजोर इमारतों के नीचे शरण न लेने की सलाह 

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों या कमजोर इमारतों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।

Post a Comment

0 Comments