Mau : नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मऊ में बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मंत्र, घोसी चीनी मिल के कायाकल्प का वादा

यूपी के मंत्री एके शर्मा ने मऊ में जिला सहकारी बैंक के अधिवेशन में सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। जानें घोषी चीनी मिल और बनास डेयरी को लेकर क्या हुए बड़े ऐलान।

Mau ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है सहकारी आंदोलन, मऊ में बोले मंत्री एके शर्मा

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मऊ

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सहकारिता आंदोलन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की संजीवनी बताया है। मऊ के नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में आयोजित जिला सहकारी बैंक के चतुर्थ वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता और विश्वास के साथ सहकारिता कभी विफल नहीं हो सकती।

घोसी चीनी मिल का आधुनिकीकरण

मंत्री शर्मा ने भरोसा दिलाया कि "घोसी चीनी मिल का कोई बाल बांका नहीं कर सकता।" उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल के लिए फंड की मांग स्वीकार कर ली है और जल्द ही इसका आधुनिकीकरण शुरू होगा।

पूर्वांचल में बनास डेयरी की दस्तक

गुजरात के आनंद मॉडल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी की तर्ज पर जल्द ही मऊ और आसपास के क्षेत्र में बनास डेयरी स्थापित करने के प्रयास जारी हैं, जिससे स्थानीय किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ेगी।

क्षेत्र के पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

टी-सीरीज द्वारा 'मऊ महादेव' पर शूटिंग का प्रस्ताव क्षेत्र के लिए गौरव की बात है, जिससे पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे।

"कुछ लोग शांत पानी में पत्थर मारकर लहर पैदा करने की राजनीति करते हैं। जनता को विकास विरोधी ताकतों से बचकर मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए।" - एके शर्मा, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार।

मुनाफे में आया मऊ जिला सहकारी बैंक

बैंक के अध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 50 में से 49 सहकारी बैंक अब लाभ में हैं। मऊ का जिला सहकारी बैंक, जो कभी घाटे में था, इस वित्तीय वर्ष में लगभग 50 लाख रुपये के लाभ की ओर अग्रसर है। वर्तमान में जिले में 75 हजार से अधिक सदस्य सहकारिता से जुड़े हैं।

कार्यक्रम में ये गणमान्य शामिल हुए 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पीसीएफ चेयरमैन वाल्मीकि त्रिपाठी, पूर्व विधायक विजय राजभर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष हौसला उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी, सहकारी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments