लखनऊ के गोमतीनगर स्थित टीडी गर्ल्स इण्टर कालेज में सत्र 2025-26 का परीक्षाफल वितरण समारोह संपन्न। राज्य मंत्री जितेन्द्र बहादुर सिंह ने मेधावियों को सम्मानित किया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
गोमतीनगर के विवेक खंड-2 स्थित टीडी गर्ल्स इण्टर कालेज में सत्र 2025-26 का परीक्षाफल वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवशाली कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीर बहादुर सिंह के पुत्र एवं वर्तमान राज्य मंत्री जितेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा किया गया।
अतिथियों का भव्य स्वागत
मंत्री जी के विद्यालय आगमन पर विद्यालय प्रशासन द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रधानाचार्य श्रीमती लक्ष्मी सिंह, प्रबन्धक महादेव प्रसाद यादव, संरक्षक आईडी यादव उपस्थित रहे।
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया गया। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंत्री जी ने शील्ड और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य मंत्री जितेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि"तमसो मां ज्योतिर्गमय" अर्थात ज्ञान ही वह प्रकाश है जो अज्ञानता के अन्धकार को मिटाता है। शिक्षा ही समाज के नवनिर्माण का आधार है।
प्रबन्धक के प्रयासों की सराहना
मंत्री जी ने विद्यालय के प्रबन्धक महादेव प्रसाद यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूज्य माताजी की स्मृति में इस शिक्षण संस्थान की स्थापना कर एक पुनीत कार्य किया है। समाज को शिक्षित करने की दिशा में उनका यह योगदान सराहनीय है।
मातृशक्ति का सम्मान और योगदान
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने एक अनूठी पहल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की माताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बच्चे के सर्वांगीण विकास में माता-पिता दोनों की भूमिका अहम है। समाज के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
विशिष्ट अतिथि का संबोधन
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती शुभ्रा अस्थाना ने उन बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए जिनकी उपस्थिति विद्यालय में सर्वाधिक रही। उन्होंने नियमितता के महत्व को बताते हुए सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।






0 Comments
if you have any doubt,pl let me know