यूपी के मंत्री असीम अरुण ने कन्नौज DM को पत्र लिखकर समयबद्धता और अनुशासन की नसीहत दी है। रोमा स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में 45 मिनट इंतजार के बाद मंत्री बिना कार्यक्रम शुरू हुए लौट आए।
![]() |
| कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों का इंतजार करते मंत्री असीम अरुण। |
प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो, कन्नौज
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कन्नौज के जिलाधिकारी (DM) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को एक पत्र लिखकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। मामला गुरुवार को रोमा स्मारक पर आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहाँ मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन प्रशासनिक कुप्रबंधन और देरी के कारण उन्हें बिना कार्यक्रम में शामिल हुए ही वापस लौटना पड़ा।
![]() |
| इंतजार के बाद कार्यक्रम स्थल से जाते मंत्री असीम अरुण। |
![]() |
| मंत्री असीम अरुण द्वारा डीएम को लिखा गया पत्र। |
आएं जानते हैं पूरा मामला
मंत्री असीम अरुण द्वारा जारी पत्र के अनुसार, उन्हें गुरुवार शाम 5:30 बजे रोमा स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। एक अनुशासित नागरिक और जनसेवक के नाते वे निर्धारित समय पर पहुँच गए, लेकिन वहां का अनुभव शिष्टाचार के विपरीत रहा।
पत्र में लगाए गए मुख्य आरोप
अधिकारियों की अनुपस्थिति : मंत्री के पहुंचने के 15 मिनट बाद मुख्य आयोजक सुश्री वैशाली (एस.डी.एम.) पहुंचीं, जिसके बाद ए.डी.एम. का आगमन हुआ।
कराया लंबा इंतजार : मंत्री ने लगभग 45 मिनट तक कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार किया। इस दौरान मंच से घोषणा होती रही कि कार्यक्रम जिलाधिकारी (DM) के आने के बाद ही शुरू होगा।
इंतजार से हुई असहज स्थिति : पत्र में कहा गया है कि किसी को यह जानकारी नहीं थी कि DM कब तक आएंगे, जिससे स्थिति असहज हो गई और मंत्री के पास वहां से प्रस्थान करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
PM मोदी और CM योगी का दिया हवाला
मंत्री असीम अरुण ने अपने पत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए लिखा कि एक लोक सेवक के रूप में हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए, जो अपनी समय की पाबंदी और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन ही प्रशासन की नींव है और वे अपनी टीम से भी उसी समयबद्धता की उम्मीद रखते हैं जिसका पालन वे स्वयं करते हैं।



0 Comments
if you have any doubt,pl let me know