UP : ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के बाद यूपी में हाई अलर्ट; लखनऊ में शिया समुदाय का प्रदर्शन

ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट। CM योगी ने दिए सख्ती के निर्देश, लखनऊ समेत कई जिलों में भारी पुलिस बल तैनात। पूरी खबर यहां पढ़ें।

खामेनेई की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट: CM योगी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश, लखनऊ की सड़कों पर उतरा शिया समुदाय

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबरों के बाद उत्तर प्रदेश प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राज्य में किसी भी संभावित विरोध प्रदर्शन या सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।

CM योगी ने ली आपात बैठक, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खाड़ी देशों के मौजूदा हालात का असर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर नहीं पड़ना चाहिए।

सभी जिलों के कप्तानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर है। खुफिया एजेंसियों को सक्रिय रहने और पल-पल की रिपोर्ट देने को कहा गया है।

लखनऊ में विरोध प्रदर्शन : सड़कों पर बिलखते नजर आए 

खामेनेई की मौत की खबर फैलते ही राजधानी लखनऊ के शिया बाहुल्य इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए।

छोटा इमामबाड़ा के पास हजारों की भीड़ एकत्र हुई, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की।

भीड़ को देखते हुए पुराने लखनऊ के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने रूट डायवर्जन किया और सुरक्षा बढ़ा दी।

पुलिस का रुख, अराजकता फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

एडीजी (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि शिया बाहुल्य क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी (PAC) की तैनाती की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों का समय है, ऐसे में किसी भी अराजक तत्व को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हिंसक प्रदर्शन या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक गुरुओं ने की हमले की निंदा

इस घटनाक्रम पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है:

मौलाना खालिद रशीद (इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया) : उन्होंने इजरायल और अमेरिका के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्कूलों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ है।

मौलाना सैफ अब्बास नकवी (शिया चांद कमेटी) : उन्होंने खामेनेई को पूरी दुनिया के मुसलमानों का रहनुमा बताया और इजरायल की कार्रवाई को 'दहशतगर्दी' करार दिया।

Up में स्थिति नियंत्रण में पर तनाव, सुरक्षा बढ़ी

फिलहाल पूरे उत्तर प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments