Lucknow : किसान पथ से गोमती नगर को जोड़ने के लिए बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, इकाना के पास नए फ्लाईओवर को मंजूरी

लखनऊ में गोमती नगर से किसान पथ को जोड़ने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण शुरू। LDA वीसी प्रथमेश कुमार ने शहीद पथ पर इकाना स्टेडियम के पास नए फ्लाईओवर और यू-टर्न व्यवस्था की समीक्षा की।

राजधानी में जाम से मिलेगी मुक्ति, विकास को नई उड़ान

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

राजधानी लखनऊ के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले शहीद पथ और गोमती नगर क्षेत्र को जाम मुक्त करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने कमर कस ली है। LDA के उपाध्यक्ष (VC) प्रथमेश कुमार ने हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें शहीद पथ पर बिना यातायात प्रभावित किए विकास कार्यों को पूरा करने का रोडमैप तैयार किया गया।

समीक्षा बैठक करते एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार।
बिना ट्रैफिक रोके बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

इस पूरी योजना की खासियत यह है कि शहीद पथ पर यातायात को बिना रोके ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। अमूमन बड़े निर्माण कार्यों के दौरान रूट डायवर्जन से जनता को परेशानी होती है। इस बार प्रशासन ने तकनीक और बेहतर प्रबंधन के जरिये इस चुनौती का समाधान निकाला है। गोमती नगर से किसान पथ को जोड़ने की इस कवायद से आउटर रिंग रोड की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

इकाना स्टेडियम के पास बनेगा फ्लाईओवर

मैच के दिनों और बड़े आयोजनों के दौरान इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ पर एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यह फ्लाईओवर ट्रैफिक के दबाव को कम करेगा और सुल्तानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सिग्नल-फ्री रास्ता प्रदान करेगा।

हनुमान सेतु और निशातगंज में बदलेंगे रास्ते

शहर के मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए समतामूलक चौराहा, निशातगंज और हनुमान सेतु के पास बुनियादी ढांचे में बदलाव किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में यू-टर्न की व्यवस्था और सड़कों के चौड़ीकरण पर विचार किया जा रहा है ताकि पीक ऑवर्स में वाहनों की लंबी कतारें न लगें।

ड्रोन सर्वे और ट्रायल से बेहतर होगी व्यवस्था 

ट्रैफिक पुलिस के सुझावों पर अमल करते हुए, पूरे रूट का ड्रोन सर्वे कराया गया है। डेटा के आधार पर संभावित जाम वाले हॉट स्पॉट्स की पहचान की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले कई जगहों पर ट्रायल भी किया गया है, जिससे वास्तविकता का पता लगाया जा सके।

एक नजर में बैठक के फैसले 

  • ग्रीन कॉरिडोर : गोमती नगर से किसान पथ की सीधी कनेक्टिविटी।
  • सुचारू यातायात : निर्माण के दौरान शहीद पथ पर गाड़ियां नहीं रुकेंगी।
  • इकाना फ्लाई ओवर: स्टेडियम के पास यातायात का दबाव होगा कम।
  • स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट : जाम वाली जगहों पर यू-टर्न और रोटरी का निर्माण।

गुणवत्ता और समय सीमा का रखें विशेष ध्यान 

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। इस परियोजना के पूरा होने के बाद लखनऊ के पूर्वी हिस्से की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और किसान पथ के जरिये दिल्ली व कानपुर रोड की ओर जाना बेहद सुगम हो जाएगा।

Post a Comment

0 Comments