![]() |
| कानपुर देहात में कार्यक्रम को संबोधित |
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में प्रदेश में बिजली नहीं आती थी। आज भाजपा (BJP) के शासन में बिजली जाती नहीं है। वे कानपुर देहात के बैरी असई स्थित राम जानकी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसमें डिप्टी सीएम ने प्रदेश के विकास और भविष्य के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का आयोजन राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी द्वारा किया गया।
चौमुखी विकास की प्रतिबद्धता
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। यहां गरीबों के उत्थान पर खास ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का भी जिक्र किया।
डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि लोग अब विपक्ष की जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष संविधान के प्रति लोगों को गुमराह कर रहा है, जबकि भाजपा संविधान की रक्षा कर रही है और इसे कभी खत्म नहीं होने देगी। उन्होंने बार-बार इस मुद्दे पर जोर दिया कि भाजपा सरकार में बिजली आपूर्ति में क्रांतिकारी बदलाव आया है, जो पिछली सरकारों के दौरान नहीं था।
कार्यक्रम का आयोजन
इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना है।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know