Lucknow Alambagh Gurudwara : गुरुद्वारा आलमबाग में धूमधाम से मना गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व; डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने लिया आशीर्वाद

लखनऊ के गुरुद्वारा आलमबाग में गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक पहुंचे, ज्ञानी गुरु दित्त सिंह फाउंडेशन का शुभारंभ हुआ और 10,000 संगत ने लंगर छका। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

प्रकाश पर्व में पंच प्यारों को किया गया सम्मानित। 
कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालु।
 प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

गुरुद्वारा आलमबाग में आज दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कीर्तन दरबार, मेडिकल कैंप और समाज सेवा के नए प्रकल्पों की शुरुआत की गई।

कीर्तन से निहाल हुई संगत

कार्यक्रम का शुभारंभ भाई सतबीर सिंह द्वारा 'आसा दी वार' के कीर्तन से हुआ। इसके उपरांत दसमेश पब्लिक स्कूल, केकेएनएस गुरमत अकादमी के बच्चों और स्त्री सत्संग सभा ने मधुर कीर्तन गायन किया। लुधियाना से आए वीर ब्रिजेंद्र पाल ने गुरु साहिब के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। भाई निर्मल सिंह नागपुरी के कीर्तन ने उपस्थित संगत को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

शब्द कीर्तन में शामिल श्रद्धालु।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को सम्मानित करते गुरुद्वारे के पदाधिकारी।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व अतिथियों की उपस्थिति

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ अवध प्रांत के संघ प्रचारक कौशल किशोर ने भी हाजिरी भरी और गुरु घर का आशीर्वाद लिया।

रक्तदान करती युवती।

शिविर का शुभारंभ करते पदाधिकारी।
मेडिकल कैंप और स्किल डेवलपमेंट फाउंडेशन  

मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह के अनुसार, इस अवसर पर मानवता की सेवा के लिए विशेष कदम उठाए गए।

फ्री मेडिकल कैंप : शिविर में लगभग 200 लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श लिया और निःशुल्क दवाइयाँ प्राप्त कीं। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के रक्तदान शिविर में युवक-युवतियों व सेवादारों ने स्वैच्छिक रक्तदान भी किया।

ज्ञानी गुरु दित्त सिंह फाउंडेशन : प्रधान निर्मल सिंह, राजेंद्र सिंह राजू और रतपाल सिंह गोल्डी की अगुवाई में इस फाउंडेशन का शुभारंभ हुआ। इसके तहत युवाओं को सिलाई-कढ़ाई, मोबाइल रिपेयरिंग और कंप्यूटर रिपेयरिंग जैसे स्किल डेवलपमेंट कोर्स कराए जाएंगे।

पुस्तक मेला : सिख इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए एक विशेष पुस्तक मेला भी लगाया गया।

सम्मान और पुस्तक विमोचन

कार्यक्रम के दौरान नि:स्वार्थ सेवा के लिए सरदार जसप्रीत सिंह जी को 'सरदार कपूर सिंह सेवा अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। साथ ही, वरिष्ठ सदस्य अजीत सिंह जी द्वारा रचित पुस्तक "शहादत दे 350 साल – 350 प्रश्न-उत्तर" का विमोचन प्रधान निर्मल सिंह जी द्वारा किया गया।

10,000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया अटूट लंगर

जनरल सेक्रेटरी रतपाल सिंह गोल्डी ने बताया कि लखनऊ की विभिन्न जत्थेबंदियों और गुरुद्वारों से आए लगभग 10,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका और गुरु का अटूट लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट त्रिलोक सिंह तुटेजा ने सभी सेवादारों और संगत का आभार व्यक्त किया।

इनकी रही कार्यक्रम में उपस्थिति 

इस अवसर पर मुख्य रूप से निर्मल सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह राजू, भूपिंदर सिंह पिंडा, परमजीत सिंह, मनमोहन सिंह, इक़बाल सिंह, डिंपल, परविंदर सिंह, इंदर मोहन सिंह चावला, सरबजीत सिंह, और चरणजीत सिंह चन्ना सहित समस्त कमेटी सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments