अहमदाबाद में हनुमान जी की आकृति वाली पतंग उड़ाने पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। हजरतगंज में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक। पढ़ें पूरी खबर।
![]() |
| प्रधानमंत्री द्वारा हनुमानजी की आकृति वाली पतंग उड़ाते हुए फोटो दिखाते यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। |
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सनातन धर्म और भगवान हनुमान के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। अहमदाबाद के रिवर फ्रंट पर विदेशी मेहमानों के साथ पतंगबाजी के दौरान पवन पुत्र हनुमान जी की आकृति वाली पतंग उड़ाए जाने की घटना से आहत होकर अजय राय ने मंगलवार को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया।
![]() |
| हनुमान चालीसा का पाठ करते अजय राय। |
अजय राय अपने समर्थकों के साथ हजरतगंज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर जाकर प्रधानमंत्री की 'सद्बुद्धि' के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहते थे। हालांकि, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस मुख्यालय को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को मंदिर जाने से रोक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रशासनिक सख्ती के बावजूद, अजय राय ने पीछे हटने के बजाय कांग्रेस कार्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस बैरिकेडिंग के पास बैठकर ही अपने समर्थकों के साथ हनुमान चालीसा का संपूर्ण पाठ किया। उन्होंने बजरंगबली से प्रार्थना की कि वे प्रधानमंत्री को सद्बुद्धि प्रदान करें।खुद को राम का अभिभावक समझते हैं मोदी : अजय राय
पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजय राय ने तीखे स्वर में कहा कि भगवान हनुमान को पतंग के रूप में उड़ाना करोड़ों भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। यह सनातन धर्म का घोर अपमान है। उन्होंने पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने पहले भी प्रभु श्रीराम को बालक रूप में दिखाकर और मोदी जी को उनकी उंगली पकड़कर ले जाते हुए चित्रित किया था।
राय ने आगे कहा कि भाजपा खुद को हिंदू धर्म का ठेकेदार मानती है, लेकिन हकीकत में वे लगातार हमारे आराध्यों का अपमान कर रहे हैं। कभी वे खुद को श्रीराम को लाने वाला बताते हैं, तो कभी हनुमान जी को पतंग बनाकर उड़ाते हैं। यह अहंकार की पराकाष्ठा है और देश की जनता इस पाप के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।"
दिग्गज कांग्रेसियों की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय, जिला अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू, शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, और मीडिया वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी प्रमुख थे।
साथ ही, प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, ललन कुमार, विधि विभाग के आसिफ रिजवी रिंकू व अन्य कार्यकर्ताओं ने भी स्वर में स्वर मिलाते हुए प्रधानमंत्री मोदी से इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
सनातन और राजनीति पर छिड़ी बहस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि योगी सरकार का रवैया तानाशाही का है। एक भक्त को मंदिर जाने से रोकना न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता पर भी प्रहार है। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वे सनातन धर्म के अपमान के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।



0 Comments
if you have any doubt,pl let me know